गुना

‘मुझे कोई रोक नहीं पाएगा’, संगठन से फटकार के बाद गुना भाजपा विधायक के तीखे तेवर

MLA Pannalal Shakya New Video- मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के तेवर को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की फटकार भी शांत नहीं कर पा रही है। विधायक का एक और वीडियो वायरल हुआ है जिससे राजनीति गरमा गई है।

2 min read
Jun 21, 2026
mla pannalal shakya new video after bjp president warning
BJP MLA Pannalal Shakya: संगठन से फटकार के बाद गुना भाजपा विधायक ने दिखाए तीखे तेवर (फोटो सोर्स- Pannalal Shakya Facebook)

MP BJP President Warning- भाजपा अनुशासन का चाबुक भी मध्य प्रदेश के गुना से विधायक पन्नालाल शाक्य के तेवरों को शांत नहीं कर पा रहा है। दो दिन पहले ही ऊर्जा और प्रभारी मंत्री पर की विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शाक्य को भोपाल तलब कर फटकार लगाई थी। बावजूद शाक्य का एक नया वीडियो (MLA Pannalal Shakya New Video) सामने आया है। इस वीडियो में वे राजनीतिक विरोध और अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए तीखे तेवर में नजर आ रहे है।

मुझे कोई नहीं रोक पाएगा- पन्नालाल शाक्य ने किसे संदेश?

वायरल वीडियो में विधायक शाक्य कहते दिखाई दे रहे हैं कि राजनीति में उन्हें रोकने के कई प्रयास किए गए, लेकिन जनता के समर्थन के दम पर वे हर बार आगे बढ़े। उन्होंने कहा, हवा और पानी को कोई नहीं रोक सकता, मुझे भी कोई नहीं रोक पाएगा। विधायक शाक्य ने पुराने राजनीतिक घटनाक्रमो का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में उनका टिकट काट दिया गया था। इसके बाद वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश की गई, लेकिन जनता ने उनका साथ दिया और वे चुनाव जीतने में सफल रहे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जनता के आशीर्वाद से वे फिर विधानसभा पहुंचे।

राजनीतिक हलको में चर्चा

राजनीतिक हलकों में विधायक के इस बयान को पार्टी के भीतर चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। पन्नालाल शाक्य पहले भी कई बार अपने बेबाक बयानों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। वे विभिन्न मुद्दो पर खुलकर अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। उनके हालिया बयान और वायरल वीडियो के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इससे पहले भी उन्होंने प्रभारी मंत्री और ऊर्जा मंत्री को लेकर टिप्पणी की थी, इसे लेकर संगठन की तरफ से भी उन्हें चेतावनी दी गई थी। हालांकि नया बयान आने से फिर चर्चा गहरा गई है।

ऊर्जा मंत्री को बताया था नकारा, प्रदेशाध्यक्ष ने लगाई थी फटकार

दरअसल, विधायक पन्नालाल शाक्य को अपने ही सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर बयानबाजी करना महंगा पड़ा है। पार्टी संगठन ने उनकी बयानबाजी को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को उन्हें भोपाल तलब किया। जहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल (MP BJP President Hemant Khandelwal) ने उन्हें फटकार लगाई और दोबारा पार्टी लाइन क्रॉस करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिसके बाद विधायक पन्नालाल के सुर बदल गए और उन्होंने कहा कि हम सब एक परिवार है। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है, संगठन और कार्यकर्ता हमारे लिए सर्वोपरि है। बता दें कि, पिछले महीने विधायक का एक वीडियो वायरल हुआ था जहां उन्होंने ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर को नकारा कह दिया था। यही नहीं, शाक्य ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को लेकर भी बयानबाजी की थी।

Published on:
21 Jun 2026 06:33 pm