गुना

स्कूल में प्रार्थना कर रहे बच्चों-शिक्षकों पर मधुमक्खियों का हमला, 36 लोग अस्पताल में भर्ती

Honeybees Attack: मध्य प्रदेश केवंदना कॉन्वेंट स्कूल में मधुमक्खियों का तांडव। प्रार्थना के समय बच्चों और शिक्षकों पर हमला, मची अफरा-तफरी।
2 min read
Apr 06, 2026
mp news Honeybees Attack Students Teachers During School Prayer in guna
Honeybees Attack Students Teachers During School Prayer (फोटो- Freepik)

MP news: मध्य प्रदेश में एक बार फिर स्कूल में मधुमक्खियों का कहर देखने को मिला। गुना शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान वंदना कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार की सुबह उस समय चीख-पुकार मच गई, जब प्रार्थना सभा से ठीक पहले मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक हमला (Honeybees Attack) कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना में लगभग तीन दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्कूल स्टाफ घायल हो गए। मधुमक्खियों के हमले से स्कूल परिसर में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्राथना सभा में मधुमक्खियों ने बोला धावा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह जब बच्चे स्कूल परिसर में एकत्र हो रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। खुद को बचाने के लिए बच्चे इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बच्चों को तुरंत स्कूल के अंदर ले जाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत घायल बच्चों को स्कूल के ही चिकित्सा कक्ष में प्राथमिक उपचार दिया। जिन बच्चों की स्थिति सामान्य थी, उनके पालकों को सूचना देकर तत्काल स्कूल बुलाया गया और बच्चों की छुट्टी कर दी गई।

शिक्षा विभाग की टीम पहुंची स्कूल

हादसे की खबर फैलते ही शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज किए और सुरक्षा मानकों की जांच की। हालांकि, इस दौरान कुछ पालकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप भी लगाए। पालकों का कहना था कि प्रबंधन ने उन्हें अपने बच्चों से तुरंत मिलने नहीं दिया, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। राहत की बात यह रही कि प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

छत्ता हटाने के दिए निर्देश

प्रशासन ने स्कूल परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित रूप से हटवाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, एहतियात के तौर पर प्रभावित बच्चों को घर भेज दिया गया है और स्कूल में स्थिति अब नियंत्रण में है।

चार दिन पहले भी हुआ था हादसा

प्रदेश में मधुमक्खियों के हमले के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। चार-पांच दिन पहले आगर मालवा जिले के सुसनेर क्षेत्र में एक शादी समारोह के गंगा पूजन के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। इस घटना में एक दर्जन लोग घायल हो गए। शादी समारोह में कलश यात्रा निकाली जा रही थी तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया। (MP news)

Updated on:
06 Apr 2026 03:23 pm
Published on:
06 Apr 2026 03:22 pm