mp news: परिजन का आरोप- युवक ने जबरदस्ती जहर खिलाया, बीते कई दिनों से कर रहा था परेशान।
mp news: मध्यप्रदेश के गुना में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती घर से बाजार जाने का कहकर निकली थी। बाद में उसे एक युवक और एक अन्य युवती गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। युवती को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसका दोस्त अस्पताल से भाग गया। साथ आई युवती ने परिजन को सूचना दी जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजन ने आरोप लगाया है कि बेटी को आरोपी युवक ने जबरदस्ती जहर खिलाया है वो कई दिनों से बेटी को परेशान कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुना शहर के गुलाबगंज में रहने वाली 21 वर्षीय आरती सेन सोमवार शाम को घर से बाजार जाने का कहकर निकली थी। बताया गया है कि बाजार का बहाना बनाकर घर से निकली और अपने दोस्तों के पास पहुंची थी। वहीं पर उसने किसी बात को लेकर जहर खा लिया। युवती का दोस्त व एक अन्य युवती आरती को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। आरती को भर्ती कराने के बाद दोस्त भाग गया जबकि साथ आई युवती ने आरती के परिजन को सूचना दी। परिजन खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक आरती की मौत हो चुकी थी।
आरती के शव को पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को परिजन के सुपुर्द किया गया। आरती के चाचा ने आरोप लगाया है कि जो युवक आरती को अस्पताल लेकर आया था उसी ने आरती को जबरदस्ती जहर दिया है। वो कई दिनों से आरती को परेशान कर रहा था। पुलिस ने परिजन के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार युवक की तलाश कर रही है। इसी बीच आरती के कुछ फोटोग्राफ भी सामने आए हैं जिसमें वो उस युवक के साथ माला पहने खड़ी नजर आ रही है।