
NEET Aspirant falls from overbridge: मध्य प्रदेश के गुना जिले से चौंका देने वाला मामला सामने आया है। जिले के बजरंगढ़ इलाके में शनिवार सुबह उस समय सनसनी मच गई जब एक बच्ची के रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरने का वीडियो सामने आया है। 19 साल छात्रा ओवरब्रिज से सीधा रेलवे ट्रैक पर गिरी और 30 मिनट तक वही तड़पती रही।
इस घटना सबसे हैरानी वाली बात ये रही कि वहां मौजूद लोग और राहगीर दर्द से कराहती बच्ची को बचाने या उसे मदद देने के बजाए मुंह फेर कर आगे बढ़ गए। हद तो तब हो गई जब पास में खड़े ट्रेन के इंजन में बैठा लोको पायलट भी बच्चो को देखने के बाद भी न नीचे उतरा और न उसकी मदद करने नहीं आया। मामले का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि,संवेदनशील दृश्य होने के कारण वीडियो को रिपोर्ट में जोड़ा नहीं गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस समय यह हादसा हुआ उस समय ट्रैक पर एक ट्रेन इंजन खड़ा था और पास की दूसरी पटरी पर भी एक दूसरा इंजन मौजूद था। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद लोको पायलट ने युवती को गिरते और तड़पते हुए देखा लेकिन वह नीचे उतरकर मदद के लिए आगे नहीं आया। इस दौरान वहां से कई राहगीर भी गुजरे, लेकिन किसी ने भी युवती की आवाज नहीं सुनी। किसी भी व्यक्ति ने उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई।
बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नजर लहूलुहान और बुरी तरह घायल हुई युवती पर पड़ी। उन्होंने आगे बढ़कर उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण वह उठ नहीं सकी। इसके बाद बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाई और आवाज लगाकर आसपास से गुजर रहे व्यक्तियों से मदद मांगी। बुजुर्ग के बुलाने पर जुटे लोगों ने तुरंत एक ऑटो की व्यवस्था की और युवती को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। छात्रा का इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत अभी नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवती आरोन में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक की बेटी है। वह लंबे समय से नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह पिछले 5-6 दिनों से अपनी कोचिंग क्लास भी नहीं जा रही थी। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया या उसके साथ क्या हुआ, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों के बयान अभी तक सामने नहीं आए हैं।
सिटी कोतवाली थाना टीआई राजकुमार शर्मा ने बताया कि हमें जानकारी मिली कि एक कांस्टेबल की बेटी ओवरब्रिज के पास घायल हो गई है। पहली नजर में पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है। हम जांच कर रहे हैं कि लड़की ने खुद ओवरब्रिज से छलांग लगाई या किसी और दुर्घटना की वजह से गिरी। फिलहाल लड़की की हालत गंभीर है और वह बयान नहीं दे पा रही है। होश में आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।