आधा घंटा लगा जाम, मौके पर पहुंची पुलिस
गुना/आरोन। पुलिस की निष्क्रियता से आरोन में चोरों के इतने हौंसले बुलन्द हैं कि वे दिन और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर हजारों का माल उड़ा रहे हैं। अभी तक हुई चोरियों के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाए हैं।
बीती रात को एक बार फिर चोरों ने भाजपा नेता संजीव सोनी के घर को निशाना बनाया और सोने-चांदी के जेवरात और 56 हजार रुपए नगदी उड़ा ले गए।उधर चोरियों की वारदात बढऩे के बाद आरोन में जनता ने जाम लगाया।
इसकी खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी और एसडीएम अरविन्द वाजपेयी मौके पर पहुंचे और आश्वासन देने के बाद जाम खुला। आरोन थाना क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता संजीव सोनी अपने परिजनों के साथ घर में सोए हुए थे, उसी दौरान अज्ञात चोर उनके यहां घुस गए और सोने-चांदी के जेवर और नगदी उड़ा ले गए। इस चोरी की जानकारी मंगलवार को सुबह के समय उनके परिजनों को लगी। खबर है कि अज्ञात चोर उनके यहां से 34 तौला सोने व 5 किलो चांदी के जेवरों के साथ-साथ 56 हजार भी ले उड़े हैं।
जैन के यहां भी चोरी
उधर आरोन थानांतर्गत सदर बाजार निवासी अजीत जैन ने बताया कि चोर उनके यहां घुसे और दो किलो वजन के चांदी के पुराने जेवर, 6 तौला सोने के जेवर और 15 हजार नकद ले गए। जिससे उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।
आधा घंटा लगा जाम
मंगलवार को नागरिकों ने दास हनुमान चौराहा पर जाम लगाया। करीब १५ मिनट के लिए चक्काचाम कर दिया इससे सडक़ के दोनों और वाहनों की कतार लग गई। लोगों ने चौराहा पर आकर प्रदर्शन किया।
७५ दिन में ९० वारदात
जिले के आरोन में करीब ७५ दिन के भीतर ९० चोरी की वारदात हो चुकी हैं। इनमें कई बड़ी वारदातें हैं। नगर में बढ़ती चोरी घटनाओं से स्थानीय लोगों में गुस्सा बढ़ा है।