गुना

गुना में जैन समाज के लिए गौरव का क्षण, प्रमोद भैया ने ग्रहण की दीक्षा, कहलाएंगे मुनि 108 यशोदत्त सागर

Jain Diksha : शहर के प्रमोद भैया ने उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आचार्य निर्भय सागरजी महाराज से जैनेश्वरी मुनि दीक्षा ग्रहण की है। अब वो मुनि श्री 108 यशोदत्त सागरजी महाराज के नाम से जाने जाएंगे।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 8:32 PM IST
Jain Diksha
जैन दीक्षा ग्रहण करते प्रमोद भैया (फोटो सोर्स: Patrika)

Guna News :मध्य प्रदेश की धर्म और अध्यात्म की नगरी गुना के लिए आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को वैज्ञानिक संत आचार्य निर्भय सागरजी महाराज के सानिध्य में जैनेश्वरी मुनि दीक्षा समारोह आयोजित किया गया है। इस गौरवशाली पर मौके पर आचार्यश्री ने क्षुल्लक यशोदत्त सागरजी महाराज को जैनेश्वरी दीक्षा देते हुए 28 मूल गुणों का पालन करने वाले मुनि दीक्षा दी। अब वो मुनिश्री 108 यशोदत्त सागरजी महाराज बन गए हैं। कार्यक्रम में जैन समाज अध्यक्ष संजय जैन, महामंत्री अनिल जैन के अलावा प्रमोद जैन मिठ्या समेत सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग गुना से फिरोजाबाद पहुंचे हैं।

संयम पथ पर नए नाम, मुनि सुदत्त सागर के साथ मुनि यशोदत्त सागर

दीक्षा महोत्सव के दौरान आचार्यश्री ने गुना के क्षुल्लकजी यशोदत्त सागरजी महाराज को मुनि के रूप में दीक्षित किया। दीक्षा के इन मंगल क्षणों का साक्षी बनने के लिए गुना से बड़ी संख्या में समाजजन बस और निजी वाहनों की मदद से फिरोजाबाद पहुंचे। जैसे ही दीक्षा संस्कार पूरा हुआ, पूरा पांडाल आचार्य निर्भय सागरजी और नूतन दीक्षितों के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

उल्लेखनीय है कि, मुनि यशोदत्त सागरजी की दीक्षा की भूमिका गुना में ही तैयार हुई थी। आचार्य निर्भय सागर महाराज के गत वर्ष शीतकालीन वाचना प्रवास के दौरान उन्होंने दीक्षा की भावना व्यक्त की थी। जिसके बाद मार्च में प्रमोद भैयाजी ने क्षुल्लक दीक्षा सोनागिर तीर्थक्षेत्र पर हुई थी।

गुना का बढ़ता गौरव, अब संघ में दो गुना गौरव

अध्यात्म के क्षेत्र में गुना जिला लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। आचार्य निर्भय सागर महाराज के संघ में पहले से ही गुना के गौरव मुनि सुदत्त सागर महाराज साधनारत हैं, और अब इसी संघ में मुनि यशोदत्त सागर जी के जुड़ने से गुना का प्रतिनिधित्व और बढ़ गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में गुना की माटी से निकले संस्कारों की खुशबू पूरे देश में महक रही है। जिले से अभी तक 5 दिगंबर मुनिराज, आधा दर्जन से अधिक आर्यिका माताजी और करीब 50 ब्रह्मचारी भैया- बहनें संयम और साधना के मार्ग पर सक्रिय हैं।

Updated on:
29 Nov 2026, 8:32 PM IST
Published on: