
गुना से वीरेन्द्र जोशी की रिपोर्ट
Guna SI Assault During Vehicle Checking: मध्यप्रदेश के गुना जिले में एबी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम से एक परिवार का विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुए विवाद में बाइक सवार परिवार ने न सिर्फ पुलिस कर्मियों के साथ झूमाझटकी की बल्कि एसआइ के साथ भी मारपीट की बाइक छुड़ाकर ले गए। घटना में एसआइ के दाहिने हाथ, कमर में चोटें आई है। घटना विजयपुर थाने के ठीक सामने एबी रोड पर कोलुआ घूम की है। इस मामले में एसआइ ने फरियादी बनकर विजयपुर थाने में आरोपी बाइक चालक उसके भाई और मां के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमले सहित मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है।
विजयपुर थाने में पदस्थ एसआइ क्रांति प्रसाद दिवाकर, एएसआइ रामप्रसाद जाटव, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल चंद्रभान जाटव के साथ सरकारी वाहन से थाने के नीचे हाइवे पर दोपहर 2 बजे से वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी गुना तरफ से बाइक से आ रहे महिला सहित तीन सवार देखकर फोर्स ने गाड़ी रुकवाई। पुलिस के मुताबिक वाहन चालक शराब के नशे में था। वाहन रुकवाते ही उसने अपना नाम सिद्दार्थ जाटव ग्राम कोलुआ पठार का रहने वाला बताया। उसने कहा कि हम लोकल के हैं और मैं अपने भाई व मां के साथ आ रहा हूं, हमारा कोई चालान नहीं कटेगा।
वाहन चालक के द्वारा बहस करने पर एसआइ दिवाकर ने कहा कि गाड़ी पर तीन सवारी, बगैर हेलमेट के शराब पीकर वाहन चलाना, मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है इसलिए चालान कटवाना होगा। या कोर्ट कार्रवाई करने वाहन को जब्त कराना पड़ेगा। इस पर आरोपी भड़क गए और एसआइ को गालियां देते हुए फोर्स से झूमाझटकी करते हुए एसआइ के साथ मारपीट कर दी और देखते ही देखते बाइक की चाबी छुड़ाकर गाड़ी चालू कर दौड़ा कर ले गए। थाना प्रभारी विजयपुर प्रमोद साहू ने बताया कि एसआइ की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, शासकीय कार्य में बाधा, टीम पर पर हमले और मारपीट की धाराएं लगाईं गईं हैं।