
Guna SI Bike Accident: मध्यप्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ में हाइवे पर ग्रामीण युवक और विजयपुर पर थाने के सब इंस्पेक्टर की बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में 23 वर्षीय आजाद सहरिया की मौत हो गई। सहरिया परिवार ने कार्रवाई और अन्य मांग को लेकर ट्रांसपोर्ट नगर के पास हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिसके कारण ढ़ाई घंटे हाइवे पर दोनों तरफ सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर पंहुचे एसडीएम अमित सोनी के लिखित आश्वासन के बाद परिजनों ने शव सड़क से हटाया।
जानकारी के मुताबिक बरखेड़ा के आजाद सहरिया व राहुल बघेल और विजयपुर थाने के एसआइ कांति प्रसाद दिवाकर की बाइक में आमने-सामने भिडंत हो गई थी। हादसे में घायल आजाद सहरिया की गुना में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में उसका साथी राहुल बघेल और दूसरी बाइक पर सवार एसआइ दिवाकर भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना को लेकर मृतक के पिता आनंद सहरिया व भाई ने बताया कि हम कार्रवाई की मांग सुबह से कर रहे हैं लेकिन दोपहर तक एफआइआर नहीं हो सकी, क्योंकि हम अनपढ़ और गरीब सहरिया आदिवासी समाज के लोग हैं। जब विजयपुर थाने में हमारी सुनवाई नहीं हुई तो हमारे बेटे की लाश को सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग उठाना पड़ी। इस दौरान सैकड़ों सहरिया आदिवासी समाज के लोग ट्रांसपोर्ट नगर के सामने हाइवे पर पहुंचे और उन्होंने शव को रखकर हाइवे पर जाम लगा दिया।
जाम की खबर लगते ही राघौगढ़-विजयपुर पुलिस और बाद में एसडीएम अमित सोनी, डिप्टी कलेक्टर भी पहुंचे और परिजनों को समझाने के बाद एफआइआर हुई। लिखित आश्वासन के बाद हाइवे बहाल हो सका। इस दौरान रुठियाई से आवन तक सैकड़ों वाहन फंसे रहे। दुर्घटना में घायल हुए सब इंसपेक्टर कांतिप्रसाद दिवाकर एवं मृतक के साथी राहुल बधेल का गुना में उपचार चल रहा है।