गुना

गुना में जमीन विवाद में परिवार पर हमला, पति की मौत और पत्नी समेत दो घायल

Sirsi Land Dispute : सिरसी के नयागांव और सालौदा के बीच स्थित ललित पटेलिया के खेत पर जमीन के विवाद में परिवार पर हमला। पति की मौत, पत्नी समेत दो घायल। पुलिस ने 4 नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया।
2 min read
• •
Oct 03, 2026
Sirsi Land Dispute
सिरसी थाना क्षेत्र की घटना (फोटो सोर्स: Patrika)

Guna News : मध्य प्रदेश के गुना जिले के अंतर्गत आने वाले सिरसी के नयागांव में जमीन को लेकर उपजे विवाद में एक व्यक्ति की लाठियों से पीट - पीटकर हत्या कर दी गई। बीच बचाव कर रही मृतक की पत्नी के ऊपर भी आरोपियों ने जमकर लाठियां बरसाईं। इसमें वो भी बुरी तरह से जख्मी हुई है। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।

दरअसल, सिरसी थाना इलाके के नयागांव और सालौदा गांव के बीच ललित पटेलिया की परिवार की जमीन पर नयागांव निवासी पिस्सम पुत्र कपूरा यादव 40 साल बटियादार का काम करता है। वो खेत पर अपनी पत्नी सुनीता यादव और खेत मालिक ललित की पत्नी जागृति बाई के साथ मक्का काट रहा था। तभी सालौदा गांव के गजानंद धाकड़ अपने दो बेटों और भांजे समेत अन्य लोगों के साथ पहुंचा और जागृति बाई के साथ विवाद करते हुए मारपीट करने लगे।

पति की मौत पत्नी घायल

बचाव करने बीच में आए पिस्सम यादव के ऊपर आरोपियों ने लाठियों व डंडों से सामूहिक हमला कर दिया। इसमें पिस्सम यादव के सिर में गंभीर चोटें आई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच बचाव कर रही पिस्सम की पत्नी सुनीता यादव के ऊपर भी आरोपियों ने जमकर लाठियां भांजी हैं। मारपीट में सुनीता और जागृति बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग खड़े हुए। घटना के बाद से गांव में तनाव फैला हुआ है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

चार नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज

सिरसी थाना प्रभारी अरविंद गौर के अनुसार, मामले में गजानंद धाकड़ सहित उसके दोनों बेटों और भांजे सहित चार के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाने पहुंचकर विस्तृत जानकारी दे पाऊंगा।

Updated on:
03 Oct 2026 08:58 pm
Published on:
03 Oct 2026 08:58 pm