
Guna Teacher Obscene Messages To Student: मध्यप्रदेश के गुना में गुरु-शिष्य की परपंरा को तार-तार करने का मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक पर छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने और अकेले मिलने बुलाने के लिए दबाव बनाने के आरोप हैं। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। आरोप है कि शिक्षक परीक्षा में नंबर काटने की धमकी देकर 12वीं कक्षा की छात्रा को अपनी बात मानने के लिए मजबूर कर रहा था।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वो 12वीं कक्षा की छात्रा है। बीते कुछ समय से पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट में पदस्थ शिक्षक नरेंद्र कुशवाह उसे परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि शिक्षक नरेन्द्र कुशवाह छात्रा को भद्दे और आपत्तिजनक मैसेज भेजते हैं और अकेले में मिलने और साथ में घूमने चलने के लिए दबाव बनाते हैं। इतना ही नहीं जब उसने शिक्षक का विरोध किया तो धमकी दी कि स्कूल में सबकुछ उसके हाथ में है और परीक्षा के नंबर भी वही देता है।
पीड़िता ने टीचर के द्वारा भेजे गए मैसेज भी दिखाए, इनमें से एक मैसेज में टीचर छात्रा पर अकेले साथ में घूमने चलने के लिए दबाव बना रहा है। उसने छात्रा को भेजे मैसेज में लिखा है कि किसी के बर्थ-डे का बहाना बनाकर आ जाओ, साथ में घूमने चलेंगे और रात 8 बजे तक फ्री कर दूंगा। टीचर की हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने पूरी बात अपनी मां को बताई जिसके बात मां ने पिता को पूरी घटना बताई और माता-पिता बेटी को लेकर शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी शिक्षक नरेन्द्र कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।