
Guna Crime News- मध्य प्रदेश के गुना जिले में लाशें मिलने का मानो सिलसिला सा शुरू हो गया है। म्याना इलाके से एक घर के दो कमरों से तीन लाशें मिलने के बाद अब कुंभराज इलाके में दो शव मिलने से अचानक हड़कंप मच गया। यहां अपने ही घर पर एक नाबालिग बच्चे का शव देख पिता के आंसू निकल आए। वहीं, दूसरी तरफ कुएं में एक युवक की शव मिला है जिसके पैर रस्सी से बंधे हुए थे और शरीर पर पत्थर भी पत्थर हुआ था। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पहला मामला कुंभराज कस्बे की गीता कॉलोनी का है। एक 12 वर्षीय बच्चा अपने पिता के साथ रहता था। उसकी मां दो साल पहले अपने पति को छोड़कर चली गई थी। उसने अपने पति पर केस भी किया हुआ है। गुरुवार रात बच्चा अपने घर में मृत अवस्था में मिला। उसके पिता के अनुसार बच्चा कुछ दिनों से बीमार था। गुरुवार को कुंभराज अस्पताल में उसका इलाज कराया। इसके बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पिता अपने बेटे को लेकर घर आया।
बच्चा कमरे में सो गया और पिता कुछ काम से बाहर चला गया। जब वह वापस आया तो बेटे के शरीर में कोई हलचल नहीं थी। वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। बच्चे के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं। आज सुबह कुंभराज अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसकी मौत कैसे हुई, यह पीएम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगा।
दूसरा मामला कुंभराज इलाके के रामनगर लोधा गांव का है। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को कुएं में एक शव दिखा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। उसे अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रामदयाल लोधा(45) पुत्र रामप्रसाद लोधा के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम से लापता था। आखिरी बार बुधवार शाम को उसे देखा गया। उसके कपड़े और जूते कुएं की सीढ़ियों पर ही रखे हुए थे। वहीं उसके पैर रस्सी से बांध थे और तौलिया के सहारे एक पत्थर शरीर पर बंधा हुआ था।
कुंभराज थाना प्रभारी TI पंकज त्यागी ने बताया कि थाना क्षेत्र में दो अलग अलग जगह दो शव मिले हैं। दोनों मामलों की जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। इनकी मौत कैसे हुई, यह पीएम रिपोर्ट से ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।