गुना

गुना में 500 रुपये में यूरिया की कालाबाजारी, एसडीएम ने सील कराया पालीवाल कृषि सेवा केन्द्र

Urea Black Marketing: मधुसूदनगढ़ में 500 रुपए में यूरिया की बिक्री का मामला, शिकायत पर एसडीएम ने सील कराया पालीवाल कृषि सेवा केंद्र।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 9:09 PM IST
Guna Urea Black Marketing
Guna Urea Black Marketing, किसान ने बनाए यूरिया की कालाबाजारी के वीडियो (Source-Patrika)

Guna Urea Black Marketing: मध्यप्रदेश के गुना में एक तरफ किसानों को बगैर ई-टोकन के यूरिया नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी तरफ मधुसूदनगढ़ में 500- 500 रुपए प्रति बोरी में निजी खाद विक्रेता द्वारा मनचाही यूरिया बेची जा रही है। इसके वीडियो बनाकर एक किसान ने वायरल कर दिए। वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने कृषि सेवा केंद्र को सील कर दिया है।

पालीवाल कृषि सेवा केन्द्र में हो रही थी कालाबाजारी

मधुसूदनगढ़ के बगीचा मंदिर के सामने स्थित पालीवाल कृषि सेवा केंद्र पर नसीरपुर गांव के मनोज शर्मा खुद व अपने पिता और मां के नाम तीन ई-टोकन पर 19 बोरी यूरिया खाद लेने गए थे। सेवा केंद्र पर रुपए जमा करके जैसे ही वे सेवा केंद्र के गोदाम पर यूरिया की बोरियां उठाने पहुंचे तो वहां, गोदाम पर एक कर्मचारी प्रति बोरी 500-500 रुपए लेकर किसानों को मनचाही मात्रा में यूरिया की बोरियां उपलब्ध करा रहा था। यह स्थिति देखकर किसान ने इसके दो वीडियो क्रमश: 2.44 मिनट और 0.42 मिनट के बनाकर वायरल कर दिए।

किसान ने वायरल किया वीडियो

वायरल वीडियो के अनुसार, कृषि सेवा केंद्र पर हम्माल 500-500 रुपए में बोरियां उपलब्ध कराने की हामी भर रहा है। हालांकि पत्रिका वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उधर कृषि सेवा केंद्र संचालक धर्मेंद्र पालीवाल ने गोदाम पर 500- 500 रुपए में यूरिया की बोरियां बेच रहे कर्मचारी से उनका व उनकी गोदाम का कोई वास्ता नहीं होने की बात कही है।

5 की बजाय हम्माली के वसूले 15-15 रुपए

किसान मनोज शर्मा का आरोप है कि कृषि सेवा केंद्र पर 267 रुपए की यूरिया बोरी और 5 रुपए नियमानुसार लिए जाने चाहिए लेकिन किसानों ने 15- 15 रुपए प्रति बोरी के हिसाब से हम्माली वसूली जा रही थी। इसकी उन्होंने मधुसूदनगढ़ तहसीलदार व राघौगढ़ एसडीएम से भी शिकायत की है। किसान की लिखित शिकायत के बाद एसडीएम अमित सोनी ने नायब तहसीलदार व एसडीओपी कृषि संतोष शर्मा को मौके पर भेजकर कृषि सेवा केंद्र को सील करा दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए लिखा है।

उप संचालक ने कहा- कराएंगे जांच, सील कराया है केंद्र

उप संचालक कृषि गुना संजीव शर्मा का इस मामले में कहना है कि, पालीवाल कृषि सेवा केंद्र पर 500- 500 रुपए में यूरिया की बोरियां कर्मचारी के बेचने की शिकायत और वीडियो सामने आए हैं। हमने शिकायत के तुरंत बाद सेवा केंद्र को सील करा दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच कराने के लिए टीम बनाई जा रही है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
25 Oct 2026, 9:09 PM IST
Published on: