ग्वालियर

Gwalior : आयुक्त ने 3 बड़े बिल्डर्स पर कसा शिकंजा, एफआईआर के निर्देश पर मची खलबली

Gwalior : सरकारी जमीन पर 6 बीघा में कॉलोनी बसाई, सड़कें, सीवर लाइन, खंभे तोड़े, पांच दिन में तीन जगह अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 11:35 AM IST
बिल्डर्स पर केस दर्ज कराने के निर्देश
बिल्डर्स पर केस दर्ज कराने के निर्देश (Representational Photo)

मध्यप्रदेश में अवैध कॉलोनियां लगातार बढ़ रहीं हैं। इन पर अंकुश लगाने की तमाम कोशिशें नाकाफी साबित हो रहीं हैं। यहां तक कि सरकारी जमीनों पर भी खुलेआम कब्जा किया जा रहा है। ग्वालियर में भी कुछ ऐसा ही माजरा है जहां सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित कर प्लॉट बेचने की तैयारी चलती रही और जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि मामला सामने आया तो अधिकारी सक्रिय हुए। नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनियों में हुए निर्माण जमींदोज कर दिए। यहां बनी सड़कें, सीवर लाइन और बिजली के खंभे तोड़ दिए गए। नगर निगम ने तीन जगह अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। इतना ही नहीं, नगर निगम आयुक्त ने संबंधित बिल्डर्स पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी जारी कर दिए। बिल्डर पर शिकंजा कसने के उनके इस निर्देश से खलबली मच गई हालांकि अभी तक एक भी बिल्डर पर एफआइआर दर्ज नहीं हुई है।

ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई लगातार जारी है। इलाके के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन सक्रिय हुआ। यहां के वार्ड 61 स्थित ग्राम खुरेरी में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के निर्माण सख्ती से हटाए गए। तहसीलदार विजय शर्मा और नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान के नेतृत्व में मदाखलत अमले ने ये कार्रवाई की।

खुरेरी में करीब 6 बीघा शासकीय जमीन पर कब्जा कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने
सुबह दो जेसीबी की मदद से कॉलोनी में बनाई गई सड़क, सीवर लाइन, खंभे और अन्य स्थायी निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान संबंधित पटवारी, क्षेत्राधिकारी, मदाखलत निरीक्षक, ग्रामीण मदाखलत दल और पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रशासन ने अवैध कॉलोनी के निर्माण तो धराशायी कर दिए पर इन्हें विकसित करने वालों पर अब तक कोई आपराधिक कार्रवाई नहीं हुई। खास बात यह है कि प्रशासनिक अधिकारी संबंधित बिल्डर्स पर केस दर्ज कराने के स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं, इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया है।

आयुक्त का आदेश, लेकिन पालन नहीं

नगर निगम की कार्रवाई का सबसे बड़ा सवाल यही है कि अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों पर शिकंजा क्यों नहीं कसा जा रहा है। बीते पांच दिनों में निगम तीन स्थानों पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है, लेकिन अब तक किसी भी बिल्डर के खिलाफ एफआइआर दर्ज नहीं कराई गई। आयुक्त अभिषेक चौधरी और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि संबंधित बिल्डरों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाए। इसके बावजूद भवन शाखा के अधिकारी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं।

Updated on:
29 Nov 2026, 11:35 AM IST
Published on: