
ग्वालियर। बिजली कंपनी के फूलबाग जोन स्थित लोहामंडी क्षेत्र में रविवार की शाम बारिश शुरू होते ही बिजली पोल पर लगा इंश्यूलेटर बस्ट हो गया। इंश्यूलेटर बस्ट होने से 11 केवी लाइन जमीन पर गिर गई। बिजली लाइन जमीन पर गिरते ही चिंगारी निकलने लगी। शाम करीब सात बजे लोहामंडी स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर के पास 11 केवी लाइन टूटकर जमीन पर गिर गई। लाइन टूटते ही लोहामंडी सहित आस-पास की बिजली सप्लाई बंद हो गई।
इधर सड़क पर गिरे बिजली के तार में करंट दौडऩे से चिंगारी निकलने लगी और 40 मिनट तक सड़क पर करंट दौड़ता रहा। जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि लोगों ने तुंरत ही इसकी सूचना पहले फूलबाग जोन पर देनी चाही। वहां नंबर लगाया तो फोन नहीं लगा।
इसके बाद उप महाप्रबंधक डीके तिवारी से संपर्क किया उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। कुछ लोगों ने फ्यूज कॉल सेंटर भोपाल पर भी शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी इधर-उधर तलाशते रहे।
करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंचे और सड़क पर दौड़ रहे बिजली के करंट को बंद किया। तभी लोगों ने राहत की सांस ली।
समय रहते दी जानकारी
आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यदि लोग जागरूक नहीं होते तो एक बड़ा हादसा हो सकता है। जिसमें लोगों की जान भी जा सकती है। लेकिन समय रहते लोगों ने इसकी जानकारी बिजली कंपनी को दी।