
Gwalior news: बौद्ध संन्यासियों के वस्त्र पहनकर और धर्म की आड़ लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा में सेंध लगाने वाले बांग्लादेशी घुसपैठियों के सिंडिकेट की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की 90 दिन की जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और सरकारी दस्तावेजों के आधार पर कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान न सिंडिकेट के मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु समेत सातों आरोपियों के खिलाफ अभियोजन (मुकदमा चलाने) की औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी है। डबरा के सिमरिया टेकरी स्थित वार्ड क्रमांक-1 के एक ही पते और एक ही मोबाइल नंबर के जरिए 17 बांग्लादेशियों के भारतीय पासपोर्ट तैयार किए थे। हालांकि, मामले में सबसे बड़ा सुलगता सवाल यह है कि नपा, एसडीएम दफ्तर और स्थानीय पुलिस थानों के वे कौन से कारिंदे थे, जिन्होंने बिना मौके पर जाए इन विदेशी घुसपैठियों के चरित्र और स्थानीय पते पर मुहर लगा दी ?
फर्जी पासपोर्ट मामले में आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन की विधिवत स्वीकृति दे दी गई है। - रुचिका चौहान, कलेक्टर, ग्वालियर
एसटीएफ की तफ्तीश में सामने आया कि मुख्य सरगना रियाल चौधरी ने बौद्ध भिक्षु बनकर डबरा, बैतूल और भोपाल के बौद्ध मठों व अनुयायियों के बीच अपनी पैठ बनाई। इसके बाद सुनियोजित तरीके से बांग्लादेश से अपने सहयोगियों को अवैध रूप से सीमा पार कराई। यहां डबरा नगर पालिका से फर्जी निवास प्रमाणपत्र, पुश्तैनी संपत्ति के मनगढ़ंत दस्तावेज और जाली शैक्षणिक प्रमाण पत्र तैयार करवाए गए। मामले में मास्टरमाइंड रियाल चौधरी के अलावा उसके बांग्लादेशी साथी विप्लव अधिकारी, प्रयॉन रॉय, जॉय चौधरी, लोकल मददगार ज्ञानज्योति भंते (ग्याप्रसाद), सम्यकबोधि भंते (गुलाबराय) और भोपाल पासपोर्ट सेल का एजेंट नसीम अख्तर सलाखों के पीछे हैं।
पासपोर्ट में शामिल फरार 66 आरोपियों की तलाश जारी है। इस गिरोह को कागजात तैयार कराने और वेरिफिकेशन में मदद करने वाले स्थानीय नेटवर्क और चेहरों की पहचान हो चुकी है, जल्द बड़ा खुलासा होगा।-राजेश सिंह भदौरिया, एसपी, एसटीएफ भोपाल
जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने केवल डबरा ही नहीं, बल्कि भोपाल, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा से कुल 70 बांग्लादेशी घुसपैठियों के भारतीय पासपोर्ट जारी करवाए। जांच शुरू होते ही इनमें से 66 घुसपैठिए भूमिगत हो गए, जिन पर पुलिस ने 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।