
Gwalior Student Assault Case: मध्यप्रदेश के ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में एक 12वीं क्लास की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कोचिंग संचालक पर ज्यादती का आरोप है, पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कोचिंग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। पीड़ित छात्रा ने ज्यादती के बाद डर के कारण कोचिंग जाना छोड़ दिया था। जब छात्रा को भरोसे में लेकर मामा ने बात की तो छात्रा ने अपनी आपबीती रो-रोकर मामा को बताई।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि 24 सितंबर को उसके बैच की छुट्टी थी लेकिन सर ने उसे कोचिंग में बुलाया था। वो सुबह 8.30 बजे कोचिंग पहुंची, कोचिंग में सर सत्यजीत शाक्य ने उसके साथ गंदी हरकत की जिसका उसने विरोध किया। विरोध करने पर सर उसे बाल पकड़कर जबरदस्ती कमरे में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। छात्रा डर गई और घर आने के बाद भी परिवार वालों को कुछ नहीं बताया।
पीड़िता ने बताया कि वो बुरी तरह डर गई थी और तभी मामी का ऑपरेशन भी होना था। वो घर का माहौल खराब नहीं करना चाहती थी इसलिए चुप रही। उसने कोचिंग जाना छोड़ दिया। छात्रा बचपन से ही मामा के घर में रहकर पढ़ाई करती है, उसके अचानक कोचिंग छोड़ने से मामा को संदेह हुआ। मामा ने भरोसे में लेकर छात्रा से पूछताछ की तो छात्रा फूट-फूटकर रो पड़ी और मामा को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद मामा छात्रा को लेकर थाटीपुर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।