ग्वालियर

Gwalior news: ‘हिंदी के लिए 9 दबाएं…’ बोलकर खाली हो गया अकाउंट, आप भी रहें सावधान

Cyber ​​fraud: साइबर ठगों ने आईवीआर कॉल और इंस्टाग्राम ऐप डाउनलोड के झांसे से दो लोगों के खातों से कुल 2.30 लाख रुपये निकाल लिए।
2 min read
Cyber ​​fraud: खाते से निकाले 2.30 लाख रुपए (Photo Source - AI)
Cyber ​​fraud: खाते से निकाले 2.30 लाख रुपए (Photo Source - AI)

Gwalior news: साइबर ठग अब आईवीआर कॉल को ठगी का जरिया बना रहे हैं। एमपी के ग्वालियर शहर में दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने एक व्यक्ति को फोन पर हिंदी सुनने के लिए 9 दबाने को कहा और दूसरे को इंस्टाग्राम पर एप डाउनलोड करने का झांसा दिया। इसके बाद दोनों के बैंक खातों से कुल 2.30 लाख रुपए निकाल लिए। महलगांव, विश्वविद्यालय निवासी जाकिर हुसैन खान 51 ने शिकायत में बताया, वह लक्ष्मीगंज मंडी स्थित खादी भंडार में कर्मचारी है। 22 जुलाई की सुबह उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर आइडी पर एसबीआइ लिखा दिखाई दे रहा था। इसलिए फोन रिसीव किया उसके बाद कंप्यूटराइज्ड आवाज में अंग्रेजी में कहा गया हिंदी में सुनने के लिए 9 दबाएं।

उन्होंने बैंक का कॉल समझ 9 का बटन दबा दिया उसके बाद फोन में आवाज आना बंद हो गई और कॉल कट गया। कुछ सेंकेड बाद उसी नंबर से उन्हें कई कॉल आया। यह रवैया अटपटा लगा तो उन्हें कुछ शक हुआ। उन्होंने ऑनलाइन बैंक बैलेंस देखा तो पता चला उनके खाते से पांच बार में 1 लाख 5 हजार 677 रुपए निकाले जा चुके हैं।

एप डाउनलोड करते ही खाता साफ

श्रीराम नगर, थाटीपुर निवासी संतोष शर्मा ने पुलिस को बताया, 29 जुलाई की रात मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रहे थे। तब एक एप का विज्ञापन दिखाई दिया। उसे डाउनलोड कर लिया। दूसरे दिन मोबाइल हैक हो गया। ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर यूपीआइ के जरिए उनके दो बैंक खातों से 1 लाख 25 हजार रुपए निकाल लिए।

ठगी के केस दर्ज

साइबर ठगों ने आइवीआर कॉल और एप डाउनलोड कराने का झांसा देकर दो लोगों के बैंक खाते साफ किए है। पीड़ितों ने साइबर हेल्प लाइन पर शिकायतें की है। उसके आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज किया है।- रविन्द्र सिंह, विश्वविद्यालय थाना टीआइ

न कॉल आया ना लिंक क्लिक, पैसे गायब

साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सागर जिले से सामने आया है। यहां एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को साइबर ठगों द्वारा अजीबो गरीब ढंग से ठगी का शिकार बनाया है। अज्ञात साइबर ठगों ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तारा चंद जैन के बैंक खाते से 1 लाख 76 हजार 902 रुपए पार कर दिए। हैरानी की बात ये है कि, खाते से इतनी बड़ी रकम कटने के बाद भी पीड़ित के मोबाइल पर कोई अलर्ट मैसेज या ओटीपी नहीं आया और न ही उन्होंने किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया, जिससे ठगी का शिकार होने की संभावना उत्पन्न हो। घटना के बाद परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
13 Aug 2026 04:41 pm
Published on:
13 Aug 2026 04:41 pm