
Cyber Fraud (बुजुर्ग के खाते से साइबर ठगों ने निकाले 1.76 लाख Photo Source- Patrika)
Sagar News :मध्य प्रदेश में साइबर पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद अलग अलग और नए - नए तरीकों से ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शाति ठग इतनी चतुराई से खाता साफ कर दे रहे हैं कि, पीड़ित तो छोड़िए खुद पुलिस भी हैरान है। साइबर ठगी का एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सूबे के सागर जिले से सामने आया है। यहां एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को साइबर ठगों द्वारा अजीबो गरीब ढंग से ठगी का शिकार बनाया है।
अज्ञात साइबर ठगों ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तारा चंद जैन के बैंक खाते से 1 लाख 76 हजार 902 रुपए पार कर दिए। हैरानी की बात ये है कि, खाते से इतनी बड़ी रकम कटने के बाद भी पीड़ित के मोबाइल पर कोई अलर्ट मैसेज या ओटीपी नहीं आया और न ही उन्होंने किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया, जिससे ठगी का शिकार होने की संभावना उत्पन्न हो। घटना के बाद परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन का बैंक खाता लंबे समय से शहर के कटरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में संचालित है। इसी खाते में उनकी पेंशन और अन्य जमा राशि भी है। पीड़ित के बेटे संतोष जैन ने बताया कि, वे लोग जब बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब इस बड़ी ठगी का खुलासा हुआ। ठगों ने खाते से कुल 176902 रुपए तीन बार में साफ किए। पहला ट्रांजेक्शन 100000 रुपए का किया गया, इसके बाद दूसरा 2 रुपए और तीसरी बार में 76900 रुपए निकाले गए। बेटे संतोष जैन ने बताया कि, उनके पिता ताराचंद जैन राशि दान करने के उद्देश्य से पिछले काफी समय से बचा-बचाकर बैंक खाते में जमा कर रहे थे।
अकाउंट से रकम गायब होने और मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का कोई भी मैसेज या कॉल न आने से परिवार सकते में है। ठगी का शिकार होने के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अपने बेटे के साथ सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने इसे तुरंत संज्ञान में लिया है। फिलहाल जिला साइबर सेल की तकनीकी टीम बैंक रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन ट्रेल के आधार पर अज्ञात ठगों की पतासाजी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर राशि रिकवर करने का प्रयास किया जाएगा।
Updated on:
13 Aug 2026 02:05 pm
Published on:
13 Aug 2026 02:05 pm
