Flight Connectivity: समर सीजन में हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए फ्लाइट सेवा शुरू हो सकती है.....
Flight Connectivity: 28 मार्च से शुरू होने वाले समर सीजन के साथ ही राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल से हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए फ्लाइट सेवा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। यदि यह योजना साकार होती है, तो ग्वालियर के यात्रियों को सीधे तीन बड़े शहरों से हवाई संपर्क मिल जाएगा।
फिलहाल ग्वालियर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए नियमित फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं। हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए फ्लाइट सेवा शुरू कराने लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं। इन शहरों के लिए यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नई फ्लाइट से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि ग्वालियर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
समर सीजन में हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए फ्लाइट सेवा शुरू हो सकती है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन उड़ानों के शुरू होने से यात्रियों को दूसरे शहरों की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी। लोकेश कुमार यादव, डायरेक्टर, राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल
ग्वालियर से इंदौर के लिए वर्षों तक नियमित फ्लाइट सेवा उपलब्ध थी, लेकिन पिछले सवा साल से यह सेवा बंद है। इसके चलते यात्रियों को ट्रेन या सड़क मार्ग से सफर करना पड़ रहा है।
वर्तमान में ग्वालियर से तीन फ्लाइट्स संचालित हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 900 से 950 यात्री यात्रा कर रहे हैं। महीने के आंकड़े पर नजर डालें तो लगभग 25 हजार यात्री हवाई सफर कर रहे हैं।