
60 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ा शख्स (Photo Source- Input)
Bee Attack Case : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में स्थित पुरानी छावनी इलाके में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 60 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर फंस गया। बताया जा रहा है कि, मधुमक्खियों के अचानक हमले से बचने के लिए वह ऊपर चढ़ता चला गया और फिर नीचे उतरने की स्थिति में नहीं रहा।
इधर, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके चलते करीब और करीब एक घंटे चले रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंटी पुत्र प्रकाश, जो एक टेलीकॉम कंपनी में टावर मेंटेनेंस का काम करता है। पुरानी छावनी थाना इलाके में स्थित सूरज और सम्राट मैरिज गार्डन के पास लगे मोबाइल टावर पर मरम्मत के लिए चढ़ा था। काम के दौरान वह अनजाने में उस हिस्से तक पहुंच गया, जहां मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। जैसे ही उसने काम शुरू किया, मधुमक्खियों का झुंड सक्रिय हो गया और हमला कर दिया।
जान बचाने के चक्कर में और फंसा
मधुमक्खियों से बचने के लिए युवक तेजी से ऊपर चढ़ गया, लेकिन ऊंचाई ज्यादा होने और संतुलन बिगडऩे के कारण वह वहीं फंस गया। नीचे खड़े लोगों ने जब उसे मदद के लिए पुकारते देखा, तो तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी गई।
स्काई लिफ्ट से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और विद्युत शाखा की टीम ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। फायर विभाग के नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में स्काई लिफ्ट की मदद ली गई, टीम ने फायर एंट्री सूट पहनकर सावधानीपूर्वक ऊपर पहुंच बनाई और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया। रेस्क्यू के बाद युवक की हालत सामान्य बताई गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड की तत्परता और साहस की जमकर सराहना की।
खास बातें
- 60 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर फंस गया युवक।
-मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए टॉवर पर ऊंचाई तक चढ़ता गया शख्स।
-टेलीकॉम कंपनी में टावर मेंटेनेंस का काम करता है बंटी।
-पुरानी छावनी थाना इलाके में स्थित सूरज और सम्राट मैरिज गार्डन के पास लगे मोबाइल टावर पर मरम्मत के लिए चढ़ा था।
-मधुमक्खियों से बचने के लिए युवक तेजी से ऊपर चढ़ गया, लेकिन ऊंचाई ज्यादा होने और संतुलन बिगडऩे के कारण वह वहीं फंस गया।
-
Updated on:
13 Apr 2026 11:35 am
Published on:
13 Apr 2026 11:35 am
