
Amit Hablani fraud case: ग्वालियर में 15 कारोबारियों को करीब करोड़ का चूना लगाकार चंपत होने वाले मोबाइल कारोबारी अमित हबलानी का अब तक पुलिस को पता नहीं चल पाया है। कारोबारियों ने बताया कि उसने दीपावली से पहले करीब 3 करोड़ का सामान क्रेडिट पर लिया था। इसके बाद 24 नवंबर से वह अपने पिता और पत्नी सहित गायब है। ठगे गए व्यापारियों का दावा है कि धोखाधड़ी का यह आंकड़ा 5 करोड़ रुपए के पार भी जा सकता है।
व्यापारियों का आरोप है अमित को कारोबारियों का 3 करोड़ से ज्यादा का भुगतान करना था, लेकिन वह पैसा समेटकर भाग गया, मंगलवार को दोपहर 11.30 बजे तक उसकी एक भी दुकान नहीं खुली तब शक हुआ, कुछ देर बाद पता चला कि अमित मकान और दुकान बेचकर भाग चुका है।
शहर के करीब 15 मोबाइल कारोबारियों से लगभग तीन करोड़ रुपए का माल और नकदी समेटकर परिवार सहित भूमिगत हुए मोबाइल व्यापारी अमित हबलानी की करतूतों की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। बाजार में चर्चा है कि अमित शेयर बाजार और ऑनलाइन सट्टे के दलदल में बुरी तरह फंसकर कंगाल हो चुका था। इसी कर्ज और नुकसान की भरपाई के लिए उसने सुनियोजित तरीके से ठगी का यह पूरा जाल बुना।
मिली जानकारी के अनुसार, फरारी के तुरंत बाद उसने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर लिए है और फेसबुक व इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया अकाउंट्स भी पूरी तरह डिलीट कर दिए है। पुलिस को अंदेशा है कि वह परिवार सहित देश छोड़कर भाग सकता है, जिसके चलते उसके पासपोर्ट और वीजा की जानकारी खंगाली जा रही हैं। ग्वालियर के दाल बाजार और इंदरगंज के इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में इस सनसनीखेज धोखाधड़ी को लेकर अभी भी गहमागहमी स्थिति है।
बता दें कि, कारोबारी के गायब होने के करीब 36 से ज्यादा घंटे के मंथन के बाद कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने अमित हबलानी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। अमित हबलानी निवासी एस-2, सर्जन अपार्टमेंट, श्रुति एन्क्लेव, द्वारिकापुरी के खिलाफ पुलिस ने आठ कारोबारियों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। इन कारोबारियों ने 1 करोड़ 67 लाख 86 हजार 446 रुपए के मोबाइल फोन और एसेसरीज के बिल पुलिस को सौंपे हैं।