
Gwalior Husband Wife Dispute: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शक ने पति-पत्नी के रिश्ते में ऐसी दरार डाली कि दोनों की जिंदगी अलग मोड़ पर पहुंच गई है। पति जेल की सलाखों के पीछे है और पत्नी अस्पताल में भर्ती है। दोनों ने 4 महीने पहले ही लव मैरिज की थी लेकिन पति को कुछ दिनों से शक था कि पत्नी Instagram पर किसी दूसरे लड़के से चैटिंग करती है और इसी शक में पति ने पत्नी के बीच विवाद हो गया और पति ने पत्नी पर संदिग्ध वस्तु से हमला कर घायल कर दिया।
पति के हमले में घायल हुई पत्नी ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता ने बताया कि उसने 4 महीने पहले गोल पहाड़िया में रहने वाले युवक के साथ लव मैरिज की थी। युवक महाराज बाड़ा पर चाट का ठेला लगाता है। पीड़िता के मुताबिक शादी के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था लेकिन कुछ दिनों से पति का व्यवहार बदल गया। जन्माष्टमी पर दोनों के बीच विवाद हुआ और वो पति का घर छोड़कर अपने मायके आ गई।
पीड़िता के मुताबिक वो मायके में घर में सो रही थी तभी अचानक पति शराब के नशे में वहां आ गया और विवाद करने लगा। पति ने पहले उसके बाल काटे और फिर उस पर संदिग्ध वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। हमले में महिला के चेहरे, गर्दन, पीठ, हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपड़ोस के लोग पहुंचे तो पति मौके से फरार हो गया। घायल हालत में महिला को अस्पताल लाया गया जहां उसका उपचार जारी है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बताया गया है कि पति पत्नी पर शक करता था। उसे शक था कि पत्नी किसी दूसरे लड़के से Instagram पर चैटिंग करती है और इसी शक में उसने पहले पत्नी से विवाद किया और फिर पत्नी पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।