ग्वालियर

Gwalior Love Marriage: बिना मोबाइल 1,020 किमी दूर पहुंची प्रेमिका, 5 ट्रेनें बदलकर ढूंढ निकाला प्रेमी का घर

Love Marriage: बॉयफ्रेंड से मिलने 1020 किलोमीटर का सफर कर झारखंड से ग्वालियर पहुंची गर्लफ्रेंड, 2022 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोस्ती...दोस्ती प्यार में बदली अब आर्य समाज में दोनों ने की शादी।
2 min read
love marriage
jharkhand girl reaches gwalior after traveling 1020 km for love, एसपी ऑफिस पहुंचा प्रेमी जोड़ा, आर्य समाज का सर्टिफिकेट और शादी के वक्त की तस्वीर (Source-Patrika)

Gwalior Love Marriage: कहते हैं कि प्यार में इंसान हर हद को पार कर जाता है, फिर चाहे वो रिश्तों की दीवार हो या फिर प्यार करने वालों के बीच की सैकड़ों किमी की दूरी। ऐसे ही प्यार का एक मामला मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सामने आया है। ग्वालियर के एक युवक और झारखंड की रहने वाली युवती के बीच करीब 4 साल पहले सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और अब प्रेमिका तमाम मुश्किलों का सामना कर अपने प्रेमी के पास ग्वालियर आ गई। दोनों ने आर्य मंदिर में शादी कर ली है लेकिन युवती के परिजन शादी के खिलाफ हैं और धमकी दे रहे हैं।

2022 में हुई दोस्ती

झारखंड की रहने वाली युवती प्रीति की साल 2022 में ग्वालियर के धीरज आर्य से सोशल मीडिया पर जान पहचान हुई। फिर दोनों में बातचीत होने लगी और फिर दोनों धीरे-धीरे एक दूसरे के करीब आ गए और प्यार हो गया। प्रीति ने बताया कि बातचीत का सिलसिला करीब एक साल तक चला और फिर धीरज उससे मिलने के लिए झारखंड आया। ये उनकी पहली मुलाकात थी, इस मुलाकात के बाद प्यार और परवान चढ़ा लेकिन तभी प्रीति के घरवालों को इसकी भनक लग गई और दीवार बन गए।

पिता ने छीना प्रीति का मोबाइल

प्रीति के मुताबिक धीरज से प्यार का पता चलने के बाद परिवारवालों ने बंदिशें लगा दीं। पिता ने मोबाइल छीन लिया जिसके कारण धीरज से कुछ समय तक बात नहीं हो पाई, लेकिन फिर एक दिन कॉलेज जाने के बहाने प्रीति बाजार गई और सहेली के मोबाइल से धीरज को फोन कर पूरी बात बताई। धीरज मौका मिलते ही झारखंड पहुंचा और प्रीति को नया मोबाइल दिया। इस मोबाइल के जरिए कुछ दिन तक दोनों की फिर से बातचीत हुई लेकिन फिर परिवारवालों को मोबाइल का पता चल गया।

28 अगस्त को ग्वालियर आई प्रीति, 1 सितंबर को की शादी

प्रीति किसी तरह घर से निकली और 5 ट्रेनें बदलते हुए 1020 किमी का सफर तय कर 28 अगस्त को ग्वालियर पहुंची। उसके पास मोबाइल नहीं था, उसने बिना मोबाइल के ही धीरज के घर का पता लगाया और फिर धीरज से मिली। दोनों ने 1 सितंबर को आर्य मंदिर में शादी कर ली और एक दूसरे के साथ सात जन्मों के बंधन में बंध गए। धीरज प्राइवेट टीचर है और बच्चों को कोचिंग पढ़ाता है, धीरज का कहना है कि वो प्रीति के साथ खुश है पर प्रीति के घर वाले उन्हें धमका रहे हैं।

एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

घरवालों से मिल रही धमकियों से परेशान होकर प्रीति और धीरज ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस दौरान प्रीति ने बताया कि उसके परिवारवाले ग्वालियर आ गए हैं। धीरज के घर पर पहुंचकर हमें धमकी दे रहे हैं। हम दोनों अपनी रजामंदी से साथ रह रहे हैं, हमें सुरक्षा दी जाए।

Updated on:
05 Sept 2026 07:45 pm
Published on:
05 Sept 2026 07:38 pm