ग्वालियर

Gwalior Accident: दोस्त से आखिरी मुलाकात, लौटते वक्त ट्रक ने मारी टक्कर, इकलौते बेटे की मौत

Truck Bike Accident: एक साथी के साथ बाइक से दोस्त से मिलकर लौट रहा था लवकुश, ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, लवकुश की मौत, साथी गंभीर रुप से घायल।
2 min read
gwalior accident news
gwalior truck bike accident, एआई से बनाई गई ट्रक और बाइक की तस्वीर व मृतक लवकुश धवल की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source- Chatgpt+patrika)

Gwalior Truck Bike Accident: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक लवकुश धवल की मौत हो गई। हादसे में लवकुश के दोस्त प्रशांत कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बाइक से एक दोस्त से मिलकर लौट रहे थे और तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लवकुश ट्रक के पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लवकुश माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दोस्त से आखिरी मुलाकात…

भिंड के गोहद के रहने वाला 17 वर्षीय लवकुश धवल शुक्रवार शाम को अपने दोस्त प्रशांत कुमार के साथ बाइक से बड़ागांव के पास खुरैरी में एक अन्य दोस्त से मिलने गया था। शाम को दोस्त से मिलने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खुरैरी चौराहे के पास पीछे से आ रहे ट्रक (नंबर RJ 11-GB 2235) ने तेज रफ्तार में बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही लवकुश और दोस्त प्रशांत दोनों ही बाइक सहित रोड पर गिर पड़े और लवकुश ट्रक के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रशांत को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इकलौता बेटा था लवकुश

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर ट्रक तेज रफ्तार में भगाते हुए निकल गया, पुलिस ने ट्रक का पीछा किया तो कुछ दूरी पर ड्राइवर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। लवकुश 12वीं क्लास का छात्र था और माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन भी है। जब हादसे की खबर परिजनों को लगी तो परिवार शोक में डूब गया। शनिवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन शव को गोहद ले गए जहां अंतिम संस्कार हुआ।

Updated on:
26 Sept 2026 03:40 pm
Published on:
26 Sept 2026 03:00 pm