ग्वालियर

एमपी में शराब बनाने वाला ही देगा पीने का सर्टिफिकेट, ब्रांडेड बोतलों में भी मिल सकती है नकली शराब

Alcohol Quality Certificate: मध्य प्रदेश में अब शराब बनाने वाली कंपनियां ही उसकी शुद्धता की गारंटी देंगी। लेकिन फैक्ट्री से दुकान तक बोतल में मिलावट हुई तो जिम्मेदार कौन होगा?
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:10 AM IST
liquor adulteration branded bottles fake alcohol quality certificate
Alcohol Quality Certificate: शराब बनाने वाला ही देगा पीने का सर्टिफिकेट (फोटो सोर्स- Patrika)

Alcohol Quality Certificate: मध्य प्रदेश में शराब की गुणवत्ता का प्रमाण-पत्र भी अब शराब बनाने वाली कंपनी देगी और शुरुआती गारंटी भी उसी की होगी। यानी जिस कंपनी की शराब की शुद्धता पर सवाल उठ सकते हैं, वही उसके मानव उपभोग योग्य होने का प्रमाण देगी, लेकिन फैक्ट्री से निकलने के बाद बोतल में वही शराब पहुंच रही है या रास्ते में उसकी जगह कुछ और भर दिया गया, इसकी निगरानी कौन करेगा ? सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग की नई व्यवस्था ने यह सवाल खड़ा कर दिया है। मध्यप्रदेश में आबकारी राजस्व का लक्ष्य 2026-27 में यह 20,279 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। ऐसे में हजारों करोड़ के इस कारोबार में गुणवत्ता और निगरानी की जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

नई व्यवस्था के तहत 25 नवंबर से देशी और विदेशी मदिरा निर्माण इकाइयों से भांडागारों में भेजी जाने वाली प्रत्येक खेप के साथ शराब के मानव उपभोग योग्य होने का प्रमाण-पत्र अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य निर्माता की जवाबदेही तय करना है। लेकिन ग्वालियर से जबलपुर जा रही शराब की बड़ी खेप का सागर में पकड़ा जाना और बहोड़ापुर व घाटीगांव में अवैध शराब फैक्ट्रियों का खुलासा बताता है कि चुनौती सिर्फ शराब की गुणवत्ता प्रमाणित चुनीता करने की नहीं, बल्कि उत्पादन से लेकर परिवहन, भंडारण और बिक्री तक पूरी सप्लाई चेन की निगरानी करने की है।

15 ट्रक नकली शराब, ब्रांडेड बोतलों में भरकर दूसरे राज्यों में सप्लाई

कुछ समय पूर्व ग्वालियर के घाटीगांव क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई में अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ था। 15 ट्रक नकली शराब और उससे जुड़ी सामग्री जब्त की गई थी। आरोपी ब्रांडेड कंपनियों की बोतलों में नकली शराब भरकर उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में खपाते थे। मौके से अलग-अलग ब्रांड की बोतलें, ढक्कन, रैपर, केमिकल और खाली कार्टन बरामद हुए थे। पांच आरोपियों को पकड़ा गया, लेकिन मुख्य आरोपी तक टीम नहीं पहुंच सकी। बहोड़ापुर में भी अवैध शराब बनाने का मामला सामने आ चुका है। ऐसे में सवाल है कि जब नकली शराब का नेटवर्क ब्रांडेड बोतलों का इस्तेमाल कर सकता है तो केवल प्रमाण-पत्र से उसकी पहचान कैसे होगी?

नई व्यवस्था के सामने पांच बड़े सवाल…

  1. प्रमाण-पत्र के बाद परिवहन में मिलावट हुई तो जिम्मेदारी किसकी होगी?
  2. फैक्ट्री से भांडागार तक शराब की मात्रा और गुणवत्ता का मिलान कैसे होगा?
  3. क्या हर वाहन की ऑनलाइन ट्रैकिंग और निर्धारित रूट की निगरानी होगी?
  4. ब्रांडेड बोतलों में नकली शराब भरने वाले नेटवर्क पर कैसे अंकुश लगेगा?
  5. गलत प्रमाण-पत्र जारी करने पर निर्माता और संबंधित अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?

एक्सपर्ट व्यूः सिर्फ सर्टिफिकेट से नहीं रुकेगा मिलावट का कारोबार

पूर्व आबकारी उपायुक्त नरेश कुमार चौबे ने बताया कि प्रत्येक खेप के साथ गुणवत्ता प्रमाण-पत्र अनिवार्य करना अच्छी पहल है, लेकिन इसे मिलावट रोकने का पूर्ण समाधान नहीं माना जा सकता। निर्माण इकाई से निकलने के बाद परिवहन और भंडारण के दौरान भी निगरानी जरूरी है। इसके लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग, सीलिंग व्यवस्था, निर्धारित रूट का सत्यापन और भांडागार पहुंचने पर सैंपल की जांच होनी चाहिए। प्रमाण-पत्र में दर्ज बैच नंबर और खेप में मौजूद शराब के बैच नंबर का मिलान भी जरूरी है। निर्माण से बिक्री तक सप्लाई चेन की निगरानी और जिम्मेदारी तय होने पर ही व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

Updated on:
25 Nov 2026, 10:10 AM IST
Published on: