ग्वालियर

ग्वालियर में 1 दिसंबर से बढ़ेंगे दूध के दाम, कुछ डेयरियों की 5 रुपए तक बढ़ाने की तैयारी

Milk prices: सर्दियों में दूध की भरपूर आवक के बावजूद एक दिसंबर से कीमतें 60 से बढ़ाकर 64 रुपये प्रति लीटर कर दी जाएंगी। डेयरी संचालकों का कहना है कि चारे और संचालन लागत बढ़ने से यह इजाफा जरूरी है ।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 2:32 PM IST
दूध के दाम बढ़ेंगे (Photo Source - Patrika)
दूध के दाम बढ़ेंगे (Photo Source - Patrika)

Gwalior news: आमतौर पर सर्दियों में दूध की आवक बढ़ने से उपभोक्ताओं को राहत मिलती है, लेकिन इस बार लश्कर क्षेत्र में उलट स्थिति है। दूध की भरपूर उपलब्धता के बावजूद डेयरी संचालकों ने कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। एक दिसंबर से घरों में सप्लाई होने वाला दूध 60 के बजाय 64 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। यानी उपभोक्ताओं को हर लीटर पर 4 रुपए अतिरिक्त चुकाने होंगे। कुछ डेयरी संचालक तो 5 रुपए प्रति लीटर तक कीमत बढ़ाने की तैयारी में हैं। खास बात यह है कि ठंड के सीजन में पहली बार दूध के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जबकि ग्वालियर शहर में प्रतिदिन करीब साढ़े पांच लाख लीटर दूध की आवक बताई जा रही है।

पहले बढ़ चुके हैं दाम

अमूल, मदर डेयरी और सांची जैसे पैकेज्ड दूध ब्रांड पहले ही कीमतें बढ़ा चुके हैं। उपनगर ग्वालियर में भी डेयरी संचालक दाम बढ़ा चुके हैं। अब लश्कर में नई दरें लागू होने से आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होगा। इसका असर खासतौर पर उन परिवारों पर पड़ेगा, जहां रोजाना 2 से 3 लीटर दूध की खपत होती है। ऐसे उपभोक्ताओं को महीनेभर में 240 से 360 रुपए तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा। डेयरी संचालकों का कहना है कि पशुओं के रखरखाव, चारे और परिवहन की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में इजाफा किया जा रहा है। वहीं उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब शहर में दूध की आवक पर्याप्त है, तो फिर सर्दियों में उन्हें महंगा दूध क्यों खरीदना पड़ रहा है।

ऑनलाइन बैठक में तय हुए नए दाम

दूध डेयरी व्यवसायी संघ (संपूर्ण भारत) ने 28 नवंबर को ऑनलाइन बैठक में सर्वसम्मति से 4 रुपए प्रति लीटर कीमत बढ़ाने का निर्णय लिया। नए दाम एक दिसंबर से लागू होंगे। संघ पदाधिकारियों के अनुसार, खली, चूरी और भूसे जैसे पशु आहार महंगे होने के साथ डेयरी संचालन की लागत भी बढ़ी है। दुग्ध उत्पादकों और व्यवसायियों के हितों के साथ गुणवत्तापूर्ण दूध की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए कीमतें बढ़ाना जरूरी था। बैठक में राष्ट्रीय चेयरमैन दिलीप अग्रवाल, महासचिव नरेंद्र मांडिल, कोषाध्यक्ष गिरधारी लाल भाग्या, उपाध्यक्ष प्रवीण जैन, ग्वालियर चेयरमैन हरमीत सिंह सेठी और सचिव स्पर्श जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Updated on:
29 Nov 2026, 2:32 PM IST
Published on: