
Gwalior Love Case- ग्वालियर में एक युवक ने प्यार में नाकामी पर अपनी जान दे दी। उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा- 'सॉरी मम्मी, दीदी मैं मर रहा हूं, मैं सबको छोड़कर जा रहा हूं, प्यार के बिना जी नहीं सकता।' पता चला है कि वह रिश्ते की एक भाभी से एकतरफा प्यार करता था जोकि करीब 20 साल बड़ी हैं। युवक पेशे से फोटोग्राफर था। उसकी मौत से मां और बहन का रो रोकर बुरा हाल हो चुका है। पुलिस मामले की जांच में लग गई है। परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है।
सिकंदर कंपू के गड्ढा वाला मोहल्ला निवासी मोंटी मोरे ने आत्महत्या कर ली। गुरुवार शाम को बहन पल्लवी ने कमरे में उसे फंदे पर लटका देखा। मोंटी को इस हाल में देख वह चीख पड़ी।
सूचना मिलने पर गिरवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मोंटी का सुसाइड नोट भी मिला जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार 22 साल का मोंटी, रिश्ते की 42 वर्षीया भाभी से एकतरफा प्रेम करता था। सुसाइड नोट में भी उसने इसका जिक्र किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोंटी फोटोग्राफर करता था। सुसाइड नोट के अनुसार रिश्ते की भाभी से प्रेम में नाकाम रहने पर उसने खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट में उसने लिखा, ‘मैं उसके बिना नहीं रह सकता मम्मी, तुम कहती थीं न कि मर जा, तो लो मैं मर रहा हूं।’
मोंटी ने अपने सुसाइड नोट में लिखा 'सॉरी मम्मी, दीदी मैं आपको छोड़कर जा रहा हूं। मुझे माफ कर देना।' उसने आत्महत्या की वजह भी पूरी तरह स्पष्ट की। मोंटी ने अपनी रिश्ते की भाभी का जिक्र करते हुए कहा कि मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं। वह नहीं मिली, इसलिए जिंदगी खत्म कर रहा हूं। उनको बता देना कि मैं उनके प्यार में मर रहा हूं। मेरे कारण उसे कोई कुछ मत कहना।
पुलिस ने बताया कि मोंटी ने जिस भाभी का जिक्र किया है वे 42 वर्षीय महिला हैं। उन्होंने प्रेम संबंधों से इनकार किया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। रिश्ते की भारी से भी पूछताछ की जाएगी।