ग्वालियर

ग्वालियर में बेटे की दोनों किडनी हुई फेल, 63 साल की मां ने बचाई ‘कलेजे के टुकड़े’ की जिंदगी

Kidney Donation: शहर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 63 वर्षीय मां उर्मिला गौड़ ने अपनी किडनी दान कर 35 वर्षीय बेटे लेखराज को नया जीवन दिया। साढ़े छह घंटे की सफल सर्जरी आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल का दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:46 AM IST
किडनी सफल सर्जरी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
किडनी की सफल सर्जरी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

Gwalior news: मां की ममता की कोई उम्र नहीं होती। जरूरत पड़ने पर वह अपनी जिंदगी का सबसे अनमोल हिस्सा भी संतान के लिए दान कर देती है। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में ऐसा ही भावुक मामला सामने आया। यहां 63 वर्षीय उर्मिला गौड़ ने अपनी एक किडनी दान कर 35 वर्षीय बेटे लेखराज को नया जीवन दिया। दोनों किडनियां खराब होने से लेखराज डेढ़ साल से बीमारी से जूझ रहे थे। बीते दिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने साढ़े छह घंटे की सर्जरी कर सफल किडनी प्रत्यारोपण किया। आयुष्मान योजना के तहत हुआ यह अस्पताल का दूसरा सफल ट्रांसप्लांट है।

एम्स में सात महीने की वेटिंग, बिगड़ती जा रही थी हालत

नदी पार टाल निवासी लेखराज पेशे से ड्राइवर हैं। डेढ़ साल पहले उनकी दोनों किडनियां खराब हो गईं। भाई दीपू के मुताबिक, परिवार इलाज के लिए कई बड़े अस्पतालों में भटका। दिल्ली एम्स में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सात महीने की वेटिंग थी, लेकिन लेखराज की हालत बिगड़ रही थी। बेटे की जिंदगी बचाने मां उर्मिला ने खुद किडनी देने का फैसला किया और डॉक्टरों से प्रत्यारोपण की इच्छा जताई।

दोपहर 12 बजे ऑपरेशन शुरू, शाम 6.30 बजे तक चला

मां-बेटे की मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 नवंबर को दोनों को भर्ती किया गया। शनिवार दोपहर 12 बजे नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने दिल्ली के विशेषज्ञों की मौजूदगी में ऑपरेशन शुरू किया। करीब साढ़े छह घंटे बाद शाम 6.30 बजे डॉक्टरों ने प्रत्यारोपण सफल होने की जानकारी दी। यह सुनते ही परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गईं। के संक्रमण से बचाव लिए मां और बेटे को विशेष रूप से तैयार अत्याधुनिक आईसीयू में रखा गया है। दोनों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

20 मरीज ट्रांसप्लांट के इंतजार में

जीआरएमसी के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सुपर स्पेशलिटी सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू होने से अंचल के गरीब मरीजों को बड़े शहरों में भटकने और लाखों रुपए खर्च करने से राहत मिल रही है। फिलहाल करीब 20 मरीज ट्रांसप्लांट के इंतजार में हैं। उन्हें भी जल्द यह सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

Updated on:
22 Nov 2026, 10:46 AM IST
Published on: