MP NEWS: परिवार के दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन विवाद को सुलझाने के लिए बैठी थी पंचायत...।
MP NEWS: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष हुआ है। मामला गिरवाई थाना इलाके के गोकुलपुरा का है जहां जमीन विवाद सुलझाने बैठी पंचायत में ही दनादन गोलियां चल गईं। फायरिंग में एक युवक की मौत हुई है जो कि पूर्व सरपंच का बेटा है और 5 अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक गोकुलपुरा गिरवाई के रहने वाले हुकुम सिंह यादव का अपने भाई पंचम सिंह यादव से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हुकुम सिंह का भाई शिवचरण सिंह यादव गांव का पूर्व सरपंच है। दोनों परिवारों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुधवार की शाम को गांव में पंचायत बैठी हुई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और फायरिंग हो गई। एकाएक पंचायत में हुई फायरिंग से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़ें- शादी के 12 साल बाद 2 बच्चों की मां बनीं PSC टॉपर
फायरिंग में हुकुम सिंह के पक्ष से उसके भाई बालमुकुंद सिंह यादव, पूर्व सरपंच शिवचरण सिंह यादव, भतीजा पुरुषोत्तम सिंह यादव, भतीजा धीरज यादव का बेटा गोलियां लगने से घायल हो गए थे जिनमें से भतीजे पुरुषोत्तम यादव को अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष से रामबरन सिंह उर्फ रामू, दिनेश यादव और रणवीर सिंह यादव घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।