
ग्वालियर. पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) तिघरा में प्रशिक्षण लेने आए राजस्थान के नवआरक्षकों ने खराब खाना दिए जाने के आरोप लगाए हैं। रंगरूटों का कहना है कि खाने की गुणवत्ता खराब होने से उनकी तबीयत भी बिगड़ रही है। इस संबंध में उन्होंने पीटीएस अधिकारियों से लेकर राजस्थान पुलिस मुख्यालय तक शिकायत की है। हालांकि पीटीएस के अधिकारी इन आरोपों को निराधार बताते हुए इसे कुछ नवआरक्षकों की चाल बता रहे हैं। मध्यप्रदेश पुलिस की ट्रेनिंग व्यवस्था को बेहतर मानते हुए पहली बार राजस्थान पुलिस ने अपने 1080 नवआरक्षकों को प्रशिक्षण के लिए पीटीएस तिघरा भेजा है। यहां उन्हें कानून की पढ़ाई के साथ शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। पिछले दो दिनों से कुछ नवआरक्षकों ने मैस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाकर हंगामा कर दिया। उन्होंने मैस इंचार्ज कमांडर अजय शर्मा पर खराब खाना परोसने और उसकी वजह से तबीयत खराब होने के आरोप लगाए हैं। कुछ नवआरक्षकों ने राजस्थान में अपने परिजनों और परिचितों को फोन कर बताया कि उन्होंने मंगलवार शाम और बुधवार सुबह खाना नहीं खाया। इन शिकायतों के बाद राजस्थान पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय और पीटीएस तिघरा के अधिकारियों से जानकारी ली।
प्रदेश के नवआरक्षक भी वही खाना खा रहे
पीटीएस अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनिंग स्कूल में राजस्थान के साथ मध्यप्रदेश के नवआरक्षकों का बैच भी प्रशिक्षण ले रहा है। मैस में सभी के लिए एक ही जगह खाना तैयार किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार केवल राजस्थान से आए कुछ नवआरक्षक ही खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि बाकी सभी नवआरक्षक वही भोजन कर रहे हैं और किसी की तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि आरोप सामने आने के बाद मैस के इंचार्ज कमांडर अजय शर्मा को हटा दिया गया है।
आरोप लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
'ट्रेनिंग स्कूल में मध्यप्रदेश और राजस्थान के नवआरक्षक प्रशिक्षण ले रहे हैं और सभी के लिए एक साथ भोजन बनता है। राजस्थान से आए कुछ नवआरक्षकों ने निराधार आरोप लगाए हैं। उन्हें चिन्हित कर लिया गया है और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश रेनवाल, पुलिस अधीक्षक, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल तिघरा
Updated on:
12 Mar 2026 05:58 pm
Published on:
12 Mar 2026 05:57 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
