mp news: बारातियों के साथ दूल्हा-दुल्हन थाने में करते रहे मिन्नतें...जानिए आखिर क्या है माजरा...।
mp news: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक दुल्हन विदाई के बाद अपनी ससुराल पहुंचने से पहले ही थाने पहुंच गई। साथ में दूल्हा भी था और बाराती भी। दुल्हन थाने में बिलख-बिलख कर रो रही थी और दूल्हा उसे दिलासा दे रहा था, बाराती पुलिस वालों की मिन्नतें कर रहे थे कि साहब जाने दीजिए लेकिन पुलिसकर्मियों ने किसी की एक न सुनी। जरूरी कार्रवाई को अंजाम दिया और तब कहीं जाकर दूल्हा-दुल्हन व बाराती थाने से जा पाए।
ग्वालियर के थाटीपुर थाने का ये मामला है जहां एक दुल्हन रोती बिलखती रही और दूल्हा उसे दिलासा देता रहा। दरअसल हरिओम नाम का दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा कर घर ले जा रहा था। तेज आवाज में डीजे बज रहा था और बाराती नाचते गाते दुल्हन को डोली में उसकी ससुराल ले जा रहे थे। लेकिन जब डीजे थाटीपुर थाने के पास पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने आवाज कम करने के लिए कहा। क्योंकि घर पास में ही था तो दूल्हे न ऐसा करने से मना कर दिया और पुलिस ने डीजे को जब्त कर लिया।
पुलिस जैसे ही डीजे को जब्त कर थाने लेकर आई तो दूल्हा-दुल्हन सहित पूरी बारात थाने आ गई। दुल्हन जहां बिलख-बिलख कर रोने लगी तो वहीं दूल्हा उसे दिलासा देता रहा। बारात में मौजूद परिजन पुलिस वालों से डीजे को छोड़ने की बात कहने लगे। ऐसे में पुलिस ने DJ पर कार्रवाई करते हुए चालान बनाया। जिसे भरने के बाद डीजे को छोड़ दिया और दूल्हा अपनी दुल्हनिया को घर ले गया।