ग्वालियर

यहां बनेगी सड़क… टूटेंगे 50 से ज्यादा मकान-दुकान

MP News: 50 ज्यादा संपत्तियां हुईं चिह्नित, पीडब्ल्यूडी नये साल में लेगा बड़ा एक्शन...
2 min read
Bulldozers demolished houses and shops
Representative image | Photo: Meta AI

MP News: दो-तीन साल से जर्जर नाका चंद्रवदनी से विक्की फैक्ट्री झांसी रोड पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। हालांकि इसमें कॉम्पेक्शन को लेकर अभी भी विवाद बना हुआ है। पीडब्ल्यूडी द्वारा विक्की फैक्ट्री झांसी रोड से नाका चंद्रवदनी तक सड़क व नाली का निर्माण कराया जाएगा, जबकि पीएचई विभाग द्वारा झांसी रोड थाने के सामने से पानी की लाइन शिफ्ट की जाएगी। साथ ही यहां पर निर्माण में बाधा बने 50 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अफसरों ने बताया कि इस पूरे हिस्से में नई सड़क और नाली का निर्माण किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। खासतौर पर बारिश के मौसम में झांसी रोड पर होने वाली परेशानी को देखते हुए नाली निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। वहीं पीएचई विभाग द्वारा झांसी रोड थाने के सामने से गुजर रही पेयजल लाइन को शिफ्ट किया जाएगा। लाइन शिफ्ट होने के बाद सड़क निर्माण में कोई तकनीकी बाधा नहीं आएगी और भविष्य में बार-बार खुदाई की स्थिति से भी बचा जा सकेगा।

नए साल में होगी तुड़ाई, 50 से ज्यादा संपत्ति चिह्नित

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जनवरी से शुरू हो जाएगी। 2018-19 में सड़क चौड़ीकरण के लिए यहां 100 से अधिक संपत्तियों का सर्वे करने के बाद तोडऩे के लिए निशान लगाए गए थे, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन अब नगर निगम द्वारा कराए गए सर्वे में 50 से ज्यादा संपत्तियों को तुड़ाई के लिए चिह्नित किया गया है।

कॉम्पेक्शन न होने से बारबार धंसकती रही सड़क

नाका चंद्रवदनी चौराहा सेग्वालियर झांसी रोड पर सीवर लाइन डालने का कार्य जैन एंड राय कंस्ट्रक्शन को दिया गया था। लेकिन पीएचई अफसरों से सांठगांठ के चलते कंपनी ने कंस्ट्रक्शन का कार्य सही नहीं किया और झांसी रोड पुलिस थाने तक करीब 600 मीटर लंबी सीवर लाइन डालने के बाद कॉम्पेक्शन न होने से यह सड़क बार-बार धंसक रही थी। इसको लेकर पीडब्ल्यूडी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्य को सही ढंग से करने अथवा निर्माण कार्य के पैसे देने ने लिए कहा। साथ ही इसका प्लान बदलते हुए दोनों ओर सड़क की चौड़ाई, सर्विस रोड, फुटपाथ व ड्रेनेज सिस्टम का प्रावधान रखा गया। अब इस कार्य को पीएचई को पूरा करके पीडब्ल्यूडी को देना है।

विक्की फैक्ट्री से झांसी रोड तक सड़क का निर्माण शुरू

अभी विक्की फैक्ट्री से झांसी रोड तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। सड़क बनाने के साथ दोनों ओर नालियां पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जाएंगी, जबकि लाइन शिफ्ट करने का कार्य पीएचई करेगा। झांसी रोड पुलिस थाने तक के कार्य को निगम द्वारा करके दिया जाएगा।

-देवेंद्र सिंह भदौरिया, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी

Updated on:
25 Dec 2025 09:51 am
Published on:
25 Dec 2025 09:51 am