
Gwalior Newly Married Woman Found Hanging: मध्यप्रदेश में ग्वालियर में एक 34 वर्षीय नवविवाहिता की मायके में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना शहर के कंपू थाना क्षेत्र की है, नवविवाहिता मायके में घर के ऊपर वाले कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जिसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नवविवाहिता के परिवारवालों ने दामाद पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, वहीं पति ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए बताया है कि पत्नी किसी दूसरे लड़के से फोन पर बात करती थी। पति ने पुलिस जांच में सहयोग की भी बात कही है।
कंपू थाना क्षेत्र के चना कोठार इलाके में रहने वाली 34 वर्षीय नवविवाहिता सपना पाल का शव उसके मायके के ऊपरी कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। सपना के परिवार वालों ने बताया कि वो छत से कपड़े उठाने के लिए गई थी और काफी देर तक नीचे नहीं आई तो ऊपर जाकर देखने पर कमरे में फांसी के फंदे पर लटका पाया।
सपना के परिवारवालों ने पति गोविंद पाल पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। सपना के पिता का कहना है कि एक दिन पहले ही गोविंद ने घर में आकर सपना के साथ विवाद किया था और उसके चरित्र पर सवाल उठाए थे। वहीं सपना के भाई ने कहा कि बहन की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, बहन की आत्मा को सच्ची शांति तभी मिलेगी जब उसे न्याय मिलेगा।
वहीं पति गोविंद पाल ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। पति का कहना है कि वो हर जांच के लिए तैयार है और पुलिस का पूरा सहयोग करेगा। पति ने ये भी बताया है कि सपना किसी दूसरे लड़के से फोन पर बातचीत करती थी। उस लड़के की पत्नी को इस बात का पता चल गया था और उसने घर पर आकर हंगामा करने की धमकी दी थी। पति गोविंद के मुताबिक ये बात खुद सपना ने उसे बताई थी और उसने सपना से कहा था कि इस संबंध में वो अपने पिता से बात करे, जिस पर सपना ने उससे कहा था कि उनके पिता की समाज में बदनामी हो जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर मामला जांच में ले लिया है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।