
Gwalior Newly Married Woman Death: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने नवविवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार हुआ। नवविवाहिता ने शादी के तीसरे दिन ही अपनी जान देने की कोशिश की थी। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां 100 दिन तक इलाज चला लेकिन नवविवाहिता को बचाया नहीं जा सका।
22 वर्षीय सपना गुर्जर की शादी 25 अप्रैल को धूमधाम से लक्ष्मणगढ़ महाराजपुरा के रहने वाले सौरभ गुर्जर के साथ हुई थी। शादी के तीसरे दिन 28 अप्रैल को घर में नई दुल्हन की मुंह दिखाई की रस्म चल रही थी, इसी दौरान दुल्हन सपना ने बाथरूम में आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ देर तक जब सपना बाथरूम से नहीं लौटी तो परिजन व महिलाओं ने जाकर देखा और गंभीर हालत में तुरंत उठाकर अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
दुल्हन सपना को परिजन सबसे पहले घटना के बाद ग्वालियर के बिरला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, वहां से हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के एसएसबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज चला और फिर कुछ दिनों बाद वापस ग्वालियर लाया गया। यहां भी अलग-अलग अस्पतालों में सपना का परिजनों ने इलाज कराया लेकिन 100 दिन तक चले इलाज के बाद सिटी लाइफ मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में सपना ने 6 अगस्त को आखिरी सांस ली।
नवविवाहिता की मौत की खबर लगते ही पुलिस अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद सपना का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन शव अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार किया। पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के प्रयास और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, आत्मघाती कदम उठाने के बाद सपना की हालत बेहद गंभीर थी इसलिए मृत्यु पूर्व उसके बयान भी दर्ज नहीं हुए। सपना के मायके और ससुरालवालों ने भी किसी तरह के आरोप नहीं लगाए हैं, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।