ग्वालियर

नौकरी नहीं मिली तो शुरु कर दिया स्मगलिंग का धंधा, करने लगा स्मैक की तस्करी

होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद जॉब ढूंढऩे के बजाए अमीर बनने के लिए नशे के कारोबार में उतर गया। पहले तो उसने मुफ्त में लोगों को स्मैक पिलाई
2 min read
• •
Updated: 24 Mar 2018, 11:03 AM IST
crime news gwalior

ग्वालियर। होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद जॉब ढूंढऩे के बजाए अमीर बनने के लिए नशे के कारोबार में उतर गया। पहले तो उसने मुफ्त में लोगों को स्मैक पिलाई, जब आदी हो गए तो उनसे नशे के एवज में रकम वसूल करने लगा। इससे पहले कि अमीर बनने का सपना साकार होता क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे सनसिटी गेट के पास से २२ ग्राम स्मैक के साथ दबोच लिया। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में २ लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक जड़ेरुआ निवासी लाला उर्फ मेहरा पाल पिता आशाराम को सनसिटी गेट पर ग्राहक का इंतजार करते समय पकड़ा है। लाला मध्यम वर्गीय परिवार से है। वह कम समय में अमीर बनने के चक्कर में नशे की तस्करी करने लगा। पूछताछ में उसने बताया कि कानपुर और मैनपुरी से वह सस्ते दामों पर स्मैक की खेप लेकर आता था, फिर ग्वालियर में महंगे दामों पर सप्लाई करता था। उसने कुछ सप्लायरों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। जिनकी तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम जुट गई है।

विदेश जाने का शौकीन
क्राइम ब्रांच ने लाला से पूछताछ की तो उसने बताया कि जब स्कूल में पढ़ता था तभी से उसकी विदेश घूमने की तमन्ना थी। लेकिन, इतना पैसा नहीं था कि वह यह सपना पूरा कर सकता। इसलिए जल्दी अमीर बनने के चक्कर में उसने नशे के कारोबार को चुन लिया।


रिकार्डिंग सुनाई तब कबूला गुनाह

रंगे हाथ पकड़े जाने पर भी लाला इनकार करता रहा कि उसकी स्मैक नहीं है। लेकिन, जब पुलिस ने उसका मोबाइल खंगाला तो स्मैक डीलिंग की बातचीत की कुछ रिकार्डिंग मिलीं, जिसे पुलिस ने उसको सुनाया। इसके बाद उसने गुनाह कबूल किया।


पहले मुफ्त में स्मैक दिलाई, आदी होने पर वसूली रकम औरों को लत लगाई, पर खुद नहीं पी
तस्कर लाला दूसरों को तो स्मैक का आदी बनाता था, लेकिन उसने खुद कभी स्मैक को नहीं चखा। पूछताछ करने पर उसने बताया कि अगर वह भी स्मैक पीने लगता तो एक दो माह में ही पकड़ा जाता। नशे का आदी न होने से वह पुलिस से बचता रहा।


कॉलेज और कोचिंग छात्र टारगेट पर
लाला काफी शातिर है। वह कॉलेज और कोचिंग के छात्रों से दोस्ती करता, फिर उन्हें मुफ्त में स्मैक पिलाता। जब वह नशे के आदी हो जाते तो उनसे मोटी रकम वसूल करता। इसी प्रकार यह जुआरियों के बीच बैठकर उनके साथ दोस्ती कर उन्हें भी नशे का आदी बना देता था।

Published on: