पिछले वित्तीय वर्ष में श्रीगंगानगर के लोग विभिन्न ब्रांडों की व्हस्की, रम, जिन व बीयर की सत्तर लाख से अधिक बोलतें गटक गए। इसमें ढाई सौ से चार हजार रुपए की तक व्हस्की व सौ रुपए से लेकर ऊपर तक की बीयर भी शामिल हैं, जो करोड़ों रुपए की हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2016-17 में श्रीगंगानगर जिले में एक साल में 41 अंग्रेजी शराब की दुकानों व ग्रामीण क्षेत्र में स्थित शामिल देशी-अंग्रेजी की दुकानों पर 70 लाख 70 हजार व्हस्की व बीयर की बोतलों की बिक्री हुई। इनमें व्हस्की से ज्यादा बीयर की बोतलें पी गई। इस बार आबकारी विभाग को एक करोड़ बोतल व्हिस्की व बीयर बिकने की उम्मीद है। इसके अलावा लोगों की ओर से पी गई देशी शराब की मात्रा इससे कहीं अधिक है।
व्हस्की खपत रही कम : वित्तीय वर्ष 2016-17 में गत वित्तीय वर्ष 2015-16 की तुलना में व्हिस्की की खपत कम रही है। वर्ष 2015-16 में जहां जिले में 28 लाख 83 हजार लीटर व्हिस्की बिकी थी, उसकी तुलना में वर्ष 2016-17 में 23 लाख 93 हजार लीटर व्हस्की की बिक्री हुई। पिछले वित्तीय वर्ष में 4 लाख 90 हजार लीटर व्हिस्की कम बिकी थी। इसका कारण नोटबंदी माना जा रहा है। अक्टूबर, नवंबर व दिसम्बर में 2 लाख 25 हजार लीटर व्हिस्की कम बिकी थी।
वित्तीय वर्ष 2015-16 की तुलना में पिछले वित्तीय वर्ष 2016-17 में जिले में बीयर की खपत अधिक रही है। वर्ष 2015-16 में 26 लाख 11 लीटर बीयर की खपत हुई थी लेकिन नोटबंदी के बाद भी वर्ष 2016-17 में 29 लाख 9 हजार लीटर बीयर बिक गई। जो गत वित्तीय वर्ष की तुलना में 2 लाख 97 हजार लीटर अधिक रही।
दिसंबर व जनवरी में बिकी सबसे कम बीयर : आंकड़े बताते हैं कि दिसंबर माह में 68 हजार लीटर व जनवरी 17 में सबसे कम 52 हजार लीटर बीयर की बिक्री हुई। आबकारी अधिकारी बताते हैं कि यह नोटबंदी के असर व सर्दी बढऩे के कारण बीयर की खपत कम होने के कारण हुआ था।
देशी में 5 लाख 2 करोड़ तक की उठती है शराब : जिले में 331 देशी गु्रप की शराब दुकानों पर पांच लाख से लेकर दो करोड़ की तक दुकानें शामिल हैं। इन दुकान वालों को हर साल अपनी दुकान के हिसाब से दस प्रतिशत बढ़ाकर शराब उठानी होगी। यदि कम शराब उठाते हैं तो उनको राजस्व उतना ही जमा कराना होगा।
आबकारी अधिकारियों का कहना है कि पिछले वित्तीय वर्ष में प्रत्येक दुकानदार की ओर से ली गई शराब की मात्रा का दस प्रतिशत बढ़ाकर अब 41 अंग्रेजी शराब के नए दुकानदारों व देशी ठेके में अंग्रेजी बेचने वालों को शराब उठानी पड़ेगी। इससे हर साल करीब दस प्रतिशत शराब की खपत बढ़ जाती है।