ग्वालियर

सिंधिया संपत्ति विवाद: कोर्ट में हाजिर नहीं हुईं प्रतिमा देवी, अदालत ने लगाया 10 हजार का हर्जाना

Scindia Royal Family Property Dispute: सिंधिया राजघराने की संपत्तियों के बंटवारे विवाद में ग्वालियर अदालत ने प्रतिमा देवी की अनुपस्थिति पर 10 हजार रुपये का हर्जाना लगाया।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 1:51 PM IST
सिंधिया परिवार (Photo Source - Patrika) Enhance with AI
सिंधिया परिवार (Photo Source - Patrika) Enhance with AI

Gwalior news:मध्यप्रदेश में सिंधिया राजघराने की संपत्तियों के बंटवारे को लेकर चल रहे लंबे कानूनी विवाद में बुधवार को ग्वालियर की अतिरिक्त सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान प्रतिमा देवी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुईं, जिसके चलते अदालत ने उन पर 10 हजार रुपए का हर्जाना लगाया है। अदालत में यह मामला सिंधिया परिवार की संपत्तियों के आपसी बंटवारे (आउट ऑफ कोर्ट सेटलमेंट) को चुनौती देने से जुड़ा है।

प्रतिमा देवी ने पूर्व में यह तर्क दिया था कि उन्हें इस बंटवारे में शामिल नहीं किया गया, जबकि वे अपनी मां के हिस्से पर दावा करती रही हैं। इससे पहले प्रतिमा देवी ने नोटिस तामीली को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। उनका कहना था कि उन्हें नेपाल के नेपालगंज पते पर नोटिस भेजे जा रहे थे, जबकि उनका निवास स्थान काठमांडू है, जिस कारण उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला और उन्हें एकपक्षीय घोषित कर दिया गया।

बंटवारे पर बनी थी सहमति, फिर शुरू हुआ विवाद

सिंधिया राजघराने की संपत्तियों के बंटवारे पर परिवार के अधिकांश सदस्यों के बीच सहमति बन गई थी। हालांकि, इस समझौते में प्रतिमा देवी को शामिल न किए जाने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई, जिससे यह कानूनी विवाद गहरा गया। मामले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सिंधिया परिवार की अन्य सदस्यों—पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे—की ओर से प्रतिमा देवी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की मांग भी की गई है।

संपत्ति के पांच प्रमुख हिस्सेदार

जानकारी के लिए आपको बता दें कि सिंधिया परिवार की संपत्ति में मुख्य रूप से पांच हिस्सेदार हैं। माधवराव सिंधिया और उनकी चार बहनें (पद्मावती, वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और ऊषा राजे)। माधवराव सिंधिया के निधन के बाद उनके वारिस ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। वहीं, पद्मावती के निधन के बाद उनकी दो बेटियां वारिस हैं। प्रतिमा देवी ने दावा किया है कि पद्मावती के हिस्से में आने वाली संपत्ति के 10 प्रतिशत हिस्से पर उनका और 10 प्रतिशत पर उनकी बहन कनिका देवी का अधिकार है। हालांकि, कनिका देवी की ओर से इस बंटवारे को लेकर कोई आपत्ति सामने नहीं आई है।

Updated on:
18 Nov 2026, 1:51 PM IST
Published on: