
Husband-wife fight: मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक पति अपनी पत्नी से ही परेशान है। उसने एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पत्नी पर जेवर चोरी, 5 लाख रुपये की मांग, धमकी और कई शादियां करने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बिजौली थाना क्षेत्र के मुगुलपुरा निवासी राहुल जाटव ने अपनी पत्नी, सास, साली और शिवपुरी साइबर सेल में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सभी पर गंभीर आरोप लगाए गए है। पीड़ित पति ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसकी पत्नी लुटेरी दुल्हन के गिरोह से जुड़ी हुई है। ये गिरोह शादी के नाम पर लोगों को परेशान करके उनसे ठगी करता है।

इंस्टाग्राम पर बंदूक के साथ स्टेटस लगाकर डरा रही पत्नी
पति राहुल ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 14 अप्रैल 2026 को शिवपुरी निवासी राखी जाटव से हुई थी। शादी के तुरंत बाद ही पत्नी अपने घर चली गई। बीती 15 मई को ससुराल आई थी, लेकिन 23 मई को बिना बताए घर छोड़कर चली गई। इसके बाद उसने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर पांच लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। साथ ही धमकाने भी लगी। पत्नी ने अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों की मदद से सोने-चांदी के सारे जेवर चोरी करवा लिए। इतना ही नहीं लोगों को धमकाने का काम भी किया। जेवरात चोरी होनी की एफआइआर पहले ही थाने में लिखी जा चुकी है।
पति ने बताया कि पत्नी को बंदूकों से बहुत लगाव है। वह कई बार गन के साथ फोचो खिंचवाकर अपने स्टेट्स पर डालती है और मुझे ब्लैकमेल करती है। राहुल ने पुलिस को कुछ फोटो और वीडियो भी सौंपे हैं। उसका आरोप है कि पत्नी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और स्टेटस साझा कर लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास करती है। साथ ही उसने यह भी दावा किया है कि उसे अनजान नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
राहुल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पत्नी मेरे साथ अब नहीं रहना चाहती है। उसने धमकी दी है कि अगर पांच लाख रुपए नहीं दिए तो वह मीडिया के सामने यह आरोप लगाएगी कि उससे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। पीड़ित का कहना है कि उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने तथा बदनाम करने की धमकियां भी दी जा रही हैं।