हनुमानगढ़

हनुमानगढ़: अवैध शराब फैक्ट्री के साथ 4 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल का भारी भंडार बरामद, पुलिस-आबकारी विभाग अलर्ट

illicit liquor factory raid: हनुमानगढ़ जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के निर्देशन में आबकारी टीम ने पल्लू तहसील के बिन्झासर गांव में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रजीराम जाट के घर छापेमारी कर अवैध शराब बनाने के लिए रखा 200 लीटर स्प्रिट का ड्रम बरामद किया।

3 min read
Hanumangarh Illegal Petrol-Diesel
पल्लू में मिला अवैध पेट्रोल-डीजल का भंडार (एआई फोटो)

Hanumangarh Illegal Petrol-Diesel: हनुमानगढ़ जिले के पल्लू तहसील क्षेत्र के बिन्झासर गांव में रविवार शाम को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अवैध शराब बनाने के लिए छिपाई गई स्प्रिट को बरामद करने के उद्देश्य से एक घर पर छापा मारा था। लेकिन वहां स्प्रिट के साथ-साथ लगभग चार हजार लीटर अवैध पेट्रोल और डीजल भी बरामद हुआ। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और जिला रसद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के निर्देशन में नोहर और हनुमानगढ़ जिले की आबकारी टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने केलनिया ग्राम पंचायत के बिन्झासर गांव में रजीराम जाट (पुत्र केसराराम जाट) के घर पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान टीम को रजीराम के घर से 200 लीटर स्प्रिट से भरा एक ड्रम मिला। इसके अलावा, जब पास में रखे 10 अन्य ड्रमों की जांच की गई, तो उनमें भारी मात्रा में अवैध पेट्रोल और डीजल भरा हुआ पाया गया।

होटल पर भी हुई छापेमारी

आबकारी विभाग ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पल्लू थाना प्रभारी सुरेश कुमार मील को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिन्झासर गांव पहुंची और मकान मालिक रजीराम से कड़ाई से पूछताछ की।

पूछताछ में रजीराम ने खुलासा किया कि स्प्रिट और अवैध ईंधन का यह स्टॉक उसका नहीं है। उसने बताया कि यह पूरा माल मेगा हाईवे पर केलनिया और बिसरासर गांव के बीच स्थित भैरू बाबा होटल के मालिक भीम स्वामी का है।

इस खुलासे के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने भैरू बाबा होटल पर छापा मारा। वहां भी डीजल और पेट्रोल से भरे कई ड्रम बरामद हुए। दोनों जगहों से जब्त किए गए ईंधन की कुल मात्रा लगभग चार हजार लीटर आंकी जा रही है।

पहले भी मिल चुका है अवैध ईंधन

मेगा हाईवे पर स्थित इस भैरू बाबा होटल का विवादों से पुराना नाता रहा है। लगभग दो वर्ष पहले भी रसद विभाग ने यहाँ से हजारों लीटर अवैध डीजल जब्त किया था। उस कार्रवाई के बाद से यह होटल कागजों में बंद चल रहा था, लेकिन हकीकत में यहाँ लगातार अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

इतना ही नहीं, इस होटल से महज आधा किलोमीटर दूर स्थित 'महादेव होटल' पर भी कुछ समय पहले बीकानेर रेंज की टीम ने कार्रवाई की थी। उस दौरान 40 हजार लीटर अवैध डीजल, एक तेल टैंकर और पिकअप गाड़ी जब्त की गई थी।

साथ ही लाखों रुपए के लेनदेन के दस्तावेज भी मिले थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेगा हाईवे के होटलों पर यह अवैध कारोबार पुलिस की उदासीनता के कारण फल-फूल रहा है।

स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर सवाल

हैरानी की बात यह है कि तहसील क्षेत्र में जब भी अवैध डीजल के बड़े भंडारों का पर्दाफाश होता है, तो उसे या तो बीकानेर रेंज की टीम पकड़ती है या आबकारी विभाग। स्थानीय पल्लू पुलिस और जिला रसद विभाग की इस मामले में कार्रवाई पूरी तरह शून्य रही है।

पुलिस थाने से महज दो सौ मीटर की दूरी पर हाईवे के किनारे अवैध डीजल बेचने वालों ने अपनी दुकानें सजा रखी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पल्लू थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया कि भैरू बाबा होटल पर कार्रवाई जारी है। वृताधिकारी (CO) सुभाष चंद्र के नेतृत्व में होटल को सीज करने की प्रक्रिया की जा रही है। होटल से पुलिस ने 8 ड्रम डीजल और 7 ड्रम पेट्रोल बरामद किए हैं।
साथ ही ईंधन नापने के कीप, हाथ और बिजली से चलने वाले पंप सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। मुख्य आरोपी होटल मालिक भीम स्वामी फिलहाल फरार है। पुलिस और आबकारी विभाग पूरी कानूनी प्रक्रिया को पूरा करने में जुटे हैं।

Updated on:
15 Jun 2026 02:00 pm
Published on:
15 Jun 2026 01:58 pm