हनुमानगढ़

Hanumangarh: हनुमानगढ़ में ‘रॉकी माफिया’ पर चला पुलिस का डंडा, बाइक से करते थे हुड़दंग, थाने में माफी मांगते नजर आए

Bike Stunt Action: हनुमानगढ़ में स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 19 बाइक सीज की गईं, जबकि 14 युवक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले।
2 min read
Bike Stunt Action
जब्त वाहन। फोटो- पत्रिका

हनुमानगढ़। शहर में तेज रफ्तार बाइक चलाकर स्टंटबाजी करने और देर रात हुड़दंग मचाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। टाउन स्थित अल्फा सिटी क्षेत्र में यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक से स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। इस दौरान 19 बाइकों को सीज किया गया, जबकि 14 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार नरेंद्रसिंह मीणा के निर्देशन में यातायात पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में अल्फा सिटी क्षेत्र में देर रात यातायात प्रभारी अनिल चिंदा के नेतृत्व में नाकाबंदी कर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी कर वाहन चला रहे युवकों की जांच की।

रॉकी माफिया और माफी

पुलिस जांच में सामने आया कि कई युवक तेज गति से बाइक दौड़ाते हुए स्टंटबाजी कर रहे थे तथा सड़कों पर अनावश्यक शोर-शराबा और हुड़दंग मचा रहे थे। कुछ बाइकों पर ‘रॉकी माफिया’ जैसे शब्द लिखे हुए मिले, जो संभवत: युवकों के किसी समूह का नाम बताया जा रहा है। इसके अलावा कई बाइकों में नियमों के विरुद्ध नंबर प्लेट के नीचे मोडिफाइड एलईडी लाइटें और सायरन लगाए गए थे। पुलिस ने ऐसे उपकरणों को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान ‘रॉकी माफिया’ लिखी बाइकों पर सवार कई युवक पुलिस के सामने माफी मांगते नजर आए। युवकों ने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का भरोसा दिलाते हुए पुलिस से छोड़ देने की गुहार लगाई। हालांकि पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

नशे में ड्राइविंग

यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा ने बताया कि ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर 14 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि शहर का माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने, स्टंटबाजी से दूर रहने और नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
19 May 2026 05:02 pm
Published on:
19 May 2026 05:02 pm