
हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में सरपंच बनने की खुशियां मातम में बदल गई। दनियासर ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच इंद्रा देवी के घर आभार एवं सम्मान समारोह की तैयारियां चल रही थी। इसी बीच शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उनके 16 वर्षीय बेटे कन्हैयालाल की मौत हो गई। पल्लू-अर्जुनसर मेगा हाईवे पर उसकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कन्हैयालाल 12वीं कक्षा में पढ़ता था और दो भाइयों में छोटा था। जिस घर में 29 नवंबर को सरपंच बनने का जश्न मनाया जाना था, वहां अब मातम पसरा है।
बुडानिया हॉस्पिटल के संचालक विजय सिंह ने बताया कि रात के लगभग 12 बजे वह हॉस्पिटल में ही कमरे में जाकर सोए था तभी कुछ समय बाद हॉस्पिटल के सामने खड़ी उनकी गाड़ी का आपातकालीन सायरन बजने लगा तो उनको अपनी गाड़ी चोरी होने का अंदेशा हुआ और वो बाहर आए। बाहर आकर देखा तो उनकी गाड़ी का सायरन बज रहा था और वहां धुआं उठा हुआ था।
उन्होंने गौर से देखा तो उनकी गाड़ी के पास लगाए जनरेटर पर एक गाड़ी उलटी पड़ी हुई थी। उन्होंने पास में स्थित होटल के कर्मचारियों व अपने हॉस्पिटल में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ को आवाज देकर बाहर बुलाया। जब वो गाड़ी के पास गए तो एक युवक आधा गाड़ी व आधा गाड़ी के शीशे से बाहर पड़ा दिखाई दिया व युवक के शरीर से खून बह रहा था।
उन्होंने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को दूरभाष पर हादसे की सूचना दी व सभी ने मिलकर किसी तरह युवक को बाहर निकाला। उसको तुरंत स्थानीय सीएचसी सेंटर लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। गाड़ी में पड़े मोबाइल से युवक के परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की पहचान दनियासर ग्राम पंचायत की सरपंच इन्द्रा पत्नी भागीरथ के पुत्र कन्हैया लाल (16) के रूप में हुई। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हनुमानगढ़ जिले में हुए इस भीषण सड़क हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी ईंटों से टकराई और करीब 30 फीट हवा में उछल गई। इसके बाद कार दो गाड़ियों पर पलटते हुए सड़क किनारे रखे जनरेटर पर जा गिरी। इस दौरान कार चला रहा नाबालिग उछलकर जनरेटर पर गिर गया और उसके ऊपर कार आ गिरी। हादसे में नाबालिग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इंद्रा देवी पत्नी भागीरथ थालोड़ के दनियासर ग्राम पंचायत की निर्विरोध सरपंच निर्वाचित होने पर 29 नवम्बर को घर पर आभार व सम्मान कार्यक्रम के साथ प्रतिभोज का कार्यक्रम था, जिसके लिए पूरा परिवार कई दिनों से तैयारियों में लगा हुआ था परन्तु होनी को शायद कुछ और ही मंजूर था। शनिवार को अलसुबह जैसे ही लोगों को हादसे की जानकारी का पता चला तो हर कोई स्तब्ध रह गया। कन्हैयालाल पल्लू में स्थित निजी विद्यालय में कक्षा 12 वीं में अध्ययनरत था। कन्हैयालाल दो भाईयों में छोटा था।