
संगरिया (हनुमानगढ़). जमीन के सौदे में फंसी रकम वापस दिलाने अथवा अनुबंध के अनुसार जमीन का बेचान करवाने की मांग को लेकर गांव नुकेरा में एक किसान सोमवार शाम पेयजल उच्च जलाशय पर चढ़ गया। करीब चार बजे हुई इस घटना से गांव में हलचल मच गई। सूचना पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा काफी देर तक समझाइश की। आखिरकार शाम करीब साढ़े छह बजे व्यक्ति को नीचे उतार लिया गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई और मंगलवार सुबह पंचायती तौर पर विवाद का पटाक्षेप करने का निर्णय लिया।
टंकी पर चढ़े नुकेरा वार्ड चार निवासी दिलबागसिंह पुत्र राजसिंह कुम्हार के अनुसार, उसने गांव के अजायबसिंह पूनिया से चक 3 पीटीपी में एक किला कृषि भूमि का सौदा 13.50 लाख रुपए में 13 मई को किया था। इसमें से 10.50 लाख रुपए अग्रिम देने के बाद उसे जमीन का कब्जा भी सौंप दिया गया। शेष राशि रजिस्ट्री के समय देना तय हुआ था। आरोप है जमीन सांझे खाते व विवादित होने के कारण उसे खेती नहीं करने दी गई। खाता अलग होने तक इंतजार करने की सहमति बनी, लेकिन छह माह गुजरने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम हुई और न रकम लौटाई गई। उसका कहना है कि संबंधित पक्ष ने जमीन की जुताई भी कर ली है और जमीन के भाव बढऩे का हवाला देकर सौदे से पीछे हट रहा है।
पीड़ित के मुताबिक, वह पिछले छह माह से सरपंचों और गांव की पंचायतों के समक्ष अपनी समस्या रख रहा है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उसने कुछ लोगों पर राजनीतिक संरक्षण देने, मानसिक रूप से परेशान करने और पूर्व में हमला करने के आरोप लगाए। परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए उसने किसी अनहोनी की जिम्मेदारी भी संबंधित लोगों पर डाली। जमीन के सौदे को लेकर पीडि़त ने अजायबसिंह के खिलाफ न्यायालय में वाद भी दायर किया है।
घटना की सूचना पर तहसीलदार मोनिका बंसल, नायब तहसीलदार रामसिंह मीणा, गिरदावर महावीर प्रसाद, हनुमान मंडा, पटवारी आकाश मीणा तथा पुलिस चौकी मालारामपुरा प्रभारी नरेंद्र राठौड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के सरपंच अंकुश गोदारा, वकील भाटी, अमर गोदारा, राजेंद्र वर्मा, जगदेवसिंह, वीरेंद्र झोरड़ सहित ग्रामीण और परिजन भी समझाइश में जुटे रहे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद दिलबागसिंह शाम करीब साढ़े छह बजे टंकी से नीचे उतर आया। इसके बाद दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की गई। मंगलवार सुबह पंचायती तौर पर विवाद सुलझाने का निर्णय होने पर प्रशासन और ग्रामीण लौट गए।