हनुमानगढ़

हनुमानगढ़: 3 साल बाद जब सामने आया बेटा तो छलके मां के आंसू, 2500 किमी का सफर तय कर सेवादारों ने कराया मिलन

हनुमानगढ़ के संगरिया में तीन साल से लापता प्रशांत को डेरा सेवादारों ने सोशल मीडिया की मदद से उसके परिवार से मिलाया। परिजनों के आने में असमर्थ होने पर सेवादार उसे 2500 किलोमीटर का सफर तय कर उड़ीसा पहुंचे और मां को सौंपा।
2 min read
missing man reunited with family
Ai Generated Image

संगरिया. तीन साल से लापता प्रशांत की तलाश आखिरकार उसके परिवार तक पहुंच गई। भगतपुरा रोड स्थित नहर के पास मानसिक रूप से परेशान हालत में मिले 30 वर्षीय प्रशांत की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई। परिजन संगरिया आने में असमर्थ थे, तो डेरा सेवादार खुद उसे लेकर करीब 2500 किलोमीटर दूर उड़ीसा पहुंचे। भुवनेश्वर में प्रशांत को उसकी मां सलोचना के सुपुर्द किया गया। तीन साल बाद बेटे को सामने देखकर मां भावुक हो गईं।

नहर के पास मिला प्रशांत, सोशल मीडिया से तलाश शुरू

राजपाल और शंकरलाल को प्रशांत भगतपुरा रोड स्थित नहर के समीप बेसहारा हालत में मिला था। इसके बाद वे उसे मानवता भलाई केंद्र लेकर आए, जहां उसकी देखभाल की गई। परिजनों की तलाश के लिए सोशल मीडिया पर प्रयास किए गए। इसी दौरान उसकी बहन रुबीना और मां सलोचना से संपर्क हो सका।

परिजनों ने बताया कि प्रशांत करीब तीन साल पहले घर से निकला था। इसके बाद उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। घर से जाने के बाद प्रशांत के एक बेटे का जन्म भी हुआ था, जिसे वह अब तक नहीं देख पाया था।

2500 किलोमीटर दूर था परिवार, सेवादार खुद लेकर निकले

उड़ीसा से संगरिया की दूरी करीब 2500 किलोमीटर होने के कारण प्रशांत के परिजनों ने संगरिया आने में असमर्थता जताई। इसके बाद लालचंद, पवन और रवि प्रशांत को लेकर उड़ीसा के लिए रवाना हुए। सेवादारों ने प्रशांत को उसके परिवार तक पहुंचाने के लिए आने-जाने में करीब 5000 किलोमीटर की यात्रा की। इसके बाद वे भुवनेश्वर पहुंचे।

भुवनेश्वर में मां को सौंपा बेटा, भावुक हुआ परिवार

भुवनेश्वर में एसआई आशीष नायक की मौजूदगी में प्रशांत को उसकी मां सलोचना के सुपुर्द किया गया। तीन साल बाद बेटे को सामने देखकर मां भावुक हो गईं। प्रशांत के परिवार और पुलिस ने उसे सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने के लिए डेरा सेवादारों के प्रयास की सराहना की।

मानव कल्याण सेवा समिति बनी सहारा

वहीं, एक अन्य मामले में संगरिया रेलवे बाउंड्री में मिले अज्ञात वृद्ध की पहचान नहीं हो सकी तो मानव कल्याण सेवा समिति ने बुधवार दोपहर कल्याण भूमि में सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। गुलाब सैन, विष्णु सैन, रोशन सोनी एवं सुशील मुगदल सहित जीआरपी पुलिस हनुमानगढ़ से एसआई मदन, कश्मीर सिंह, सुरेंद्र और नगरपालिका कर्मचारियों ने सहयोग किया। जिस व्यक्ति की अंतिम यात्रा में परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं था, उसकी अर्थी को सेवा समिति के सदस्यों और सहयोगियों ने कंधा दिया।

Updated on:
08 Oct 2026 04:11 pm
Published on:
08 Oct 2026 04:10 pm