
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के दिवंगत राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत को जान से मारने की धमकी मिलने का संवेदनशील मामला सामने आया है। यह धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शीला शेखावत ने हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, इस घटना के बाद से गोगामेड़ी का परिवार और उनके समर्थक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी टीमों को एक्टिव कर दिया है।
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, यह धमकी शीला शेखावत की बेटी उर्वशी शेखावत के इंस्टाग्राम अकाउंट के कमेंट बॉक्स पर दी गई है।धमकी देने वाले व्यक्ति की इंस्टाग्राम आईडी 'अभिषेक सिंह राजपूत' नाम से बनाई गई है।
सामने आया है कि आरोपी शुरुआत में उर्वशी की पोस्ट्स पर सामान्य कमेंट्स किया करता था, लेकिन बाद में उसने सीधे तौर पर जान से मारने की धमकियां लिखना शुरू कर दिया। आरोपी ने शीला शेखावत के साथ-साथ उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों को भी निशाना बनाने की बात कही है।
आरोपी अभिषेक सिंह राजपूत ने शीला शेखावत को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ नरमी बरतने और स्टैंड बदलने के लिए सोशल मीडिया पर धमकी दी, जिसे वह गोगामेड़ी हत्याकांड के बाद विश्वासघात मानता है। इसके अतिरिक्त, पुलिस जांच में यह धमकी पारिवारिक और राजनैतिक रंजिश का हिस्सा भी हो सकती है।
हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी थानाधिकारी जयप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की त्वरित जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) (जान से मारने की धमकी देना) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जिस इंस्टाग्राम अकाउंट से कमेंट्स और मैसेज किए गए हैं, उसका आईपी एड्रेस और लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस की साइबर सेल लगातार काम कर रही है। परिवार द्वारा जताई गई चिंता के बाद पुलिस प्रशासन क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के आपत्तिजनक और धमकी भरे कमेंट करने वाले की पहचान जल्द से जल्द स्थापित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।