हापुड़

दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में अलर्ट, राम मंदिर और ताजमहल की सुरक्षा कड़ी; आतंकी करीम टुंडा के घर छापा

Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एटीएस ने लखनऊ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में बड़े स्तर पर छापेमारी की, जिसमें अहम दस्तावेज और दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए। हापुड़ में आतंकी करीम टुंडा के घर पर भी पूछताछ हुई। वहीं, अयोध्या राम मंदिर और आगरा ताजमहल सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
2 min read
Nov 11, 2025
delhi blast upto high alert ats raids karim tunda house
दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में अलर्ट | Image Source - 'X' @IANS

Ats raids karim tunda house: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसके तहत बड़े शहरों और ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अयोध्या के राम मंदिर परिसर और आगरा के ताजमहल में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

लखनऊ में ATS का बड़ा ऑपरेशन

लखनऊ में मंगलवार तड़के एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने मड़ियांव स्थित डॉक्टर परवेज अंसारी के घर छापा मारा। घर पर ताला लगा होने के बावजूद टीम ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और तीन घंटे तक छानबीन की। इस दौरान कई डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज, कार और बाइक बरामद की गई। इसके बाद लालबाग स्थित एक अन्य मकान पर भी जांच जारी है।

सहारनपुर से दो संदिग्ध गिरफ्तार

सहारनपुर में एटीएस ने सुबह छापा मारकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। ये दोनों आतंकवादी अदील अहमद के करीबी बताए जा रहे हैं। उन्हें गोपनीय स्थान पर ले जाया गया है और फिलहाल स्थानीय पुलिस को इस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई। 7 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अदील को अनंतनाग से गिरफ्तार किया था।

सुलेमान और सोहेल के रिकॉर्ड खंगाले गए

एटीएस ने बुढ़ाना के दाऊद अरबिया दारुल उलूम मदरसे में छापा मारा और संचालक से आतंकी सुलेमान और सोहेल के बारे में पूछताछ की। दो दिन पहले गुजरात एटीएस ने इन आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में उनके रिकॉर्ड और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।

हापुड़ में करीम टुंडा के घर पर पुलिस छापेमारी

हापुड़ के अशोक नगर मोहल्ले में आतंकी अब्दुल करीम टुंडा के घर पर पुलिस ने छापेमारी की। यहां उसके परिजनों और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की गई। करीम टुंडा 1993 मुंबई बम धमाके मामले में 2013 में गिरफ्तार हुआ था और फिलहाल गाजियाबाद की डासना जेल में बंद है। वह लश्कर-ए-तैयबा, इंडियन मुजाहिदीन, जैश-ए-मोहम्मद और बब्बर खालसा जैसे आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ था। बम बनाने की तकनीक के कारण उसे "डॉक्टर बम" के नाम से जाना जाता है।

डीजीपी की हाई-लेवल बैठक

यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। बैठक में एटीएस चीफ अमिताभ यश और इंटेलिजेंस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी जिलों में बड़े शहरों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।