Hapur Crime News: हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। विशेष बात यह है कि इस अपराध में महिला के अपने ननद और ननदोई पर भी आरोपी का साथ देने का आरोप है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Hapur Crime News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा है। कोतवाली थाना क्षेत्र में आने वाले एक मोहल्ले में एक विवाहिता को उस समय प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा जब वह अपने घर में थी। पीड़िता का आरोप है कि एक स्थानीय युवक ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और इसके विरोध करने पर उसे जान से मारने की कोशिश भी की। इस पूरी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पीड़ित परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।
पीड़िता के अनुसार, उसके पति पेशे से ड्राइवर हैं और काम के कारण अक्सर घर से बाहर रहते हैं। सुरक्षा के चलते वह अपनी ननद के घर रह रही थी, लेकिन उसे क्या पता था कि वहीं उसकी अस्मत पर खतरा मंडरा रहा है। महिला ने बताया कि मोती कॉलोनी का निवासी इमरान खजूरी उसके ननदोई का परिचित था और अक्सर घर आता-जाता था। इमरान की नीयत महिला पर काफी समय से खराब थी। वह अक्सर अभद्र टिप्पणियां और अश्लील हरकतें करता था, और विरोध करने पर पीड़िता को बदनाम करने की धमकी देता था।
घटना 1 मई की रात करीब 9:30 बजे की है। आरोपी इमरान नशे की हालत में ननदोई से मिलने के बहाने घर में दाखिल हुआ। मौका पाकर उसने महिला को पीछे से दबोच लिया और जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा। जब पीड़िता ने शोर मचाया और संघर्ष किया, तो आरोपी हिंसक हो उठा। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़िता की ननद और ननदोई ने उसे बचाने के बजाय चुप्पी साधे रखी और चुपचाप तमासा देखते रहे।
शोर सुनकर जब पीड़िता की मां और बहन मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि इमरान ने वहां रखे फावड़े से महिला को मारने की कोशिश की, जिसे मां-बहन ने बीच-बचाव कर रोका। पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक SP ज्ञानंजय सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। फिलहाल हापुड़ पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान सहित ननद और ननदोई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।