हापुड़

तांत्रिक के कहने पर जलती चिता से खोपड़ी और हड्डियां चुरा ले गए, बोला था कदमों में होगी प्रेमिका

Hapur Crime News : उत्तर प्रदेश के हापुड़ में प्रेमिका को वश में करने के लिए युवक ने तांत्रिक के कहने पर जलती चिता से खोपड़ी और हड्डियां चुराईं। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने तांत्रिक समेत 3 को किया गिरफ्तार।
2 min read
Feature image
तंत्र-मंत्र के लिए जलती चिता से खोपड़ी और हड्डियां निकाल ले गए, PC- AI

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रेमिका और उसके परिवार को वशीकरण (वश में करने) के लिए एक युवक तांत्रिक के चक्कर में फंस गया। तांत्रिक के कहने पर उसने श्मशान घाट पर जलती चिता से खोपड़ी और हड्डियां चुरा लीं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मंगलवार को युवक अमान, उसके दोस्त और तांत्रिक अवधेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली देहात क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, मोहल्ला सोटावाली निवासी 16 वर्षीय शुभांशु इंटर का छात्र लंबे समय से पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। शनिवार को उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार ने उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसी दिन शाम को गांव के श्मशान घाट पर उसके अंतिम संस्कार के बाद परिवार घर लौट गया।

जैसे ही घाट सूना हुआ, अमान अपने दोस्त और तांत्रिक अवधेश शर्मा के साथ बाइक पर पहुंचा। तीनों ने शुभांशु की चिता से खोपड़ी और हड्डियां चुराईं और भागने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया और शोर मचाया, लेकिन तीनों बाइक से फरार हो गए।

लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में तीनों साफ दिखाई दिए, जिसके आधार पर उनकी पहचान हुई। पुलिस ने टीम बनाकर दबिश दी और मंगलवार सुबह तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रेमिका को वश में करना चाहता था अमान

पूछताछ में अमान ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका और उसके माता-पिता को पूरी तरह नियंत्रण में करना चाहता था। तांत्रिक अवधेश शर्मा से मुलाकात के बाद तांत्रिक ने उसे जलती चिता से मानव खोपड़ी लाने को कहा और वादा किया कि वह ऐसा अचूक वशीकरण मंत्र देगा कि लड़की और पूरा परिवार उसके कदमों में होगा। अमान तांत्रिक की बातों में आ गया और यह घटना कर डाली।

तांत्रिक के पास मिली 50 तस्वीरें

पुलिस को तांत्रिक अवधेश शर्मा के ठिकाने से तंत्र-मंत्र संबंधी बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री और 50 पुरुषों व महिलाओं की तस्वीरें बरामद हुई हैं। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस दो एंगलों से जांच कर रही है:

  1. ये तस्वीरें उन लोगों की तो नहीं हैं जिनकी डेड बॉडी के साथ छेड़छाड़ की गई हो।
  2. ये वे लोग तो नहीं हैं जिन्होंने वशीकरण के लिए तांत्रिक से संपर्क किया था।
Updated on:
05 May 2026 06:00 pm
Published on:
05 May 2026 05:59 pm