खास बातें- SP Hapur बोले- घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर यहां के लोग ही उनका परिवार स्कूल के बच्चों ने एसपी यशवीर सिंह की कलाई पर बांधी राखी एसपी ने सभी बच्चों की सुरक्षा का वादा देते हुए रक्षा के बंधन को निभाने की बात कही
हापुड़. आमतौर पर कानूनी मदद लेने के लिए लोग पुलिस के पास जाया करते हैं, लेकिन बुधवार को पुलिस अधीक्षक हापुड़ कार्यालय का नजारा कुछ और ही नजर आया। बता दें कि रक्षाबंधन पर छोटी-छोटी बच्चियां हाथ में राखी, रोली-चावल और मिठाई लेकर एसपी ऑफिस पहुंची तो छोटी-छोटी बच्चियों को देख एसपी यशवीर सिंह भावुक हो गए। इसके बाद एक-एक कर बच्चियों ने एसपी यशवीर सिंह को राखी बांधते हुए उनसे सुरक्षा का वादा लिया। यह सुनते ही एसपी भावुक हो गए और कहने लगे कि घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर यहां के लोग ही उनका परिवार हैं। अब मैं हर त्योहार यहां के लोगों के साथ ही मनाऊंगा।
दरअसल, हापुड़ के पिलखुवा स्थित एक स्कूल के नन्हें-नन्हें स्कूली बच्चे बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। छोटे-छोटे बच्चों को देखते ही एसपी यशवीर सिंह का चेहरा खुशी से खिल गया। सबसे पहले इन छोटे-छोटे बच्चों ने एसपी हापुड़ यशवीर सिंह की कलाई पर राखी बांधी और अपने नन्हें हाथों से एसपी को मिठाई भी खिलाई। हापुड़ एसपी ने सभी बच्चों को सुरक्षा की वादा देते हुए रक्षा के इस बंधन को निभाने की बात कही। साथ ही मौजूदा हालात में पुलिस के सुधरते रवैया और लोगों से मैत्रीपूर्ण संबंध बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने अपने घर-परिवार को याद करते हुए कहा कि हापुड़ की जनता ही अब उनका अपना परिवार है। आगे से वह इनके साथ ही हर त्यौहार मनाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने घर भाई-बहनों से दूर पुलिस भी इसी जनता के सहारे त्योहारों के महत्व और भावनाओं को महसूस कर पा रही है। बता दें कि एसपी हापुड़ यशवीर सिंह 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। यशवीर सिंह मूलरूप से हरिद्वार के निवासी हैं।