हरदा

अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ीं MP की ज्योति, लहराया तिरंगा

अफ्रीका महाद्वीप के सबसे ऊंचे पर्वत किलिमंजारो की चोटी पर चढ़ी कुकरावद की ज्योति Kukravad

2 min read
Aug 17, 2021
Jyoti Ratre Harda Mount Kilimanjaro Africa Mount Elbrus

हरदा. देश की बेटियों का कमाल जारी है। जिले की एक बेटी ने पर्वतारोहण में जबर्दस्त प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश और पूरे देश का नाम रोशन किया है। हरदा जिला मुख्यालय के पास के एक गांव कुकरावद की ज्योति रात्रे ने अफ्रीका महाद्वीप के सबसे ऊंचे पर्वत किलिमंजारो की चोटी पर चढ़कर तिरंगा फहरा दिया। खास बात यह है कि ज्योति का लक्ष्य सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर विजय प्राप्त करना है।

इस चोटी को फतह करने के लिए ज्योति 8 अगस्त को अफ्रीका के लिए दिल्ली से रवाना हुई थीं। उन्होंने 14 अगस्त को 4700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हाई बेस कैंप से माउंट किलिमंजारो की चोटी पर तिरंगा फहराने के लिए चढ़ाई शुरू की। रात्रि 2 बजे से चढ़ना प्रारंभ कर ज्योति आखिरकार चोटी पर पहुंच ही गईं। 15 अगस्त को उन्होंने शिखर पर पहुंच कर तिरंगा फहराया एवं राष्ट्रगान भी गाया।

माउंट किलिमंजारो अफ्रीका के तंजानिया में है। यह विश्व के 7 महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों में से एक है। इस पर्वत की ऊंचाई 5895 मीटर से अधिक है। वे मध्यप्रदेश से अकेले ही इस अभियान में शामिल हुई थीं. पूरे देश से 3 सदस्यीय दल के साथ पूना की एडवेंचर कंपनी 360 एक्सप्लोरर के माध्यम से उन्होंने यह अभियान पूरा किया।

खास बात तो यह है कि ज्योति रात्रे ने 52 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। वे 8 जुलाई 21 को यूरोप के सबसे ऊंचे पर्वत शिखर माउंट एलब्रुस भी फतह कर चुकी हैं। इस तरह उन्होंने माउंट एलब्रुस की 5642 मीटर ऊंचाई पर चढऩे वाली भारत की सर्वाधिक आयु की महिला होने का कीर्तिमान अपने नाम किया। ज्योति बताती हैं कि अपने पर्वतारोहण अभियानों के माध्यम से वे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश जन-जन तक पहुंचाना चाहती हैं।

Updated on:
17 Aug 2021 11:38 am
Published on:
17 Aug 2021 10:35 am
Also Read
View All