
Harda news: मध्यप्रदेश के हरदा जिले में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा पैलेस होटल में एक सब इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। विभागीय सूत्रों ने बताया कि वे जनपद पंचायत में पदस्थ थे। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पिछले चार-पांच महीनो से वेतन नहीं मिलने और काम के दबाव के कारण वह मानसिक रूप से तनाव में थे। पुलिस को प्रथम दृष्टया में मौत हार्ट फेल होने से लग रही है। हालांकि सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी।
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा पैलेस होटल में रूम नंबर 113 के बाथरूम में गौरव दुबे (54) निवासी इंद्रपुरी, भोपाल का शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया। कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि मृत गौरव दुबे हरदा जनपद में मनरेगा के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वो लगभग 15 सालों से इसी होटल में रह रहे थे। उनके पत्नी और बच्चे भोपाल में रहते हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
गौरव के साथियों ने बताया कि वे लगातार गौरव को फोन कर रहे थे लेकिन गौरव दो दिनों से जवाब नहीं दे रहे थे। मंगलवार सुबह जब ऑफिस के कर्मचारियों ने फिर फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने होटल के कमरे को देखा। काफी देर तक गेट पर आवाज दी, फोन लगातार बज रहा था लेकिन गौरव उठा नहीं रहे थे। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आकर जब कमरे के गेट को खोला तो सभी नजारा देखकर दंग रह गए। गौरव बाथरूम में मृत अवस्था में पड़े थे। उनके साथियों ने बताया कि गौरव ने सोमवार सुबह सवा ग्यारह बजे तक व्हाट्सएप पर मैसेज देखे थे। आशंका है कि इसके बाद वह नहाने गए होंगे और उसी दौरान उनकी मौत हो गई। टीआई भारती ने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट फेल होने से हुई होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।